Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 23 May 2023 3:44 pm IST


इस अद्भूत कला की बदौलत मां-बेटी ने बनाई पहचान, दुनिया भर में है इनके बनाये Food Miniature की डिमांड


कहते हैं अगर इन्सान में हुनर है तो अपनी पहचान बना ही लेता है। कुछ ऐसी ही कहानी है चेन्नई की रहने वाली सुधा चंद्रनारायण और नेहा चंद्रनारायण की। ये दोनों मां बेटी अपनी क्ले आर्ट के चलते 100 से भी अधिक फूड मिनिएचर तैयार कर चुकी हैं। इनके फ़ूड मिनिएचर की मांग देश ही नहीं विदेशों में भी है। इन्होंने अपनी कला की बदौलत मिट्टी से नारियल की चटनी, डोसा, इडली और सांबर तैयार किया है जो देखने में एकदम वास्तविक लगते हैं।
बताया जाता है कि जब नेहा का 18 वां जन्मदिन था तब उनकी मां सुधा ने उपहार के तौर पर उनके लिए मिट्टी का डोसा बनाया था। सुधा द्वारा बनाए गए गिफ्ट को देखकर नेहा के दोस्त आश्चर्य चकित रह गए। इसके बाद  उन्होंने ने भी नेहा की मां से कुछ इसी तरह के डिजाइन्स बनाने की गुजारिश की। सुधा ने भी नेहा के दोस्तों की इच्छा का ख्याल रखते हुए उनके लिए वड़ा पाव, मैगी, पानी पुरी, पाव भाजी जैसे कई सारे डिजाइन्स तैयार किये।
सुधा द्वारा बनाए गए ये सभी डिजाइन्स बेहद आकर्षक लग रहे थे और जिसने भी उसे देखा जमकर तारीफ़ की। सभी की सराहना मिलने के बाद नेहा ने अपनी मां से साथ मिलकर प्लान किया कि क्यों न इसे घर-घर पहुंचाया जाए। इस तरह उन्होंने CN Arts Miniature की शुरूआत की। अब नेहा और सुधा अपने इसी क्ले आर्ट के जरिये बनाये गए फूड मिनिएचर को बेचकर अच्छी-खासी कमाई कर रही हैं।  उनके द्वारा बनाए गए फूड मिनिएचर की मांग भारत के साथ ही सिंगापुर, अमेरिका और मलेशिया जैसे देशों में भी खूब हो रही है।