Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 1 Feb 2023 11:41 am IST

नेशनल

Budget Moments: लाल टैब के साथ लाल साड़ी में नजर आईं वित्त मंत्री सीतारमण, जानिए इसका मतलब


नई दिल्‍ली: बजट के मोमेंट्स अब सोशल मीडिया पर भी ट्रेंड करने लग जाते हैं। बुधवार सुबह जब केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट के लिए मंत्रालय पहुंचीं तो वे लाल रंग के टैब के साथ संबलपुरी सिल्क की लाल साड़ी में नजर आईं। उनकी इस साड़ी की भी चर्चा होने लगी है। इसे टेम्पल साड़ी भी कहा जाता है। ये रंग जीत का सिंबल है। इसके अलावा सीतारमण देश की पहली ऐसी महिला वित्‍त मंत्री बन गई हैं, जिन्‍होंने लगातार पांच बार बजट पेश किया हो।

हालांकि, ऐसा नहीं है कि ऐसी कहानियां अभी बनने लगी हैं। इससे पहले भी होती थीं। जैसे- इंदिरा गांधी का सिगरेट टैक्स बेइंतहा बढ़ाने से पहले सदन को सॉरी बोलना। मनमोहन सिंह जैसी कठोर शख्सियत का शेर-ओ-शायरी पर उतर आना और निर्मला का बजट पढ़ते-पढ़ते बीमार हो जाना।

सन् 1947 से अब तक संसद ने 73 आम बजट और 14 अंतरिम बजट देखे हैं। इंदिरा गांधी के बाद निर्मला सीतारमण दूसरी महिला हैं, जिनके जिम्मे वित्त मंत्रालय है और वो चार साल से देश का बजट बना रही हैं। वर्ष 2020 में दो घंटे 41 मिनट तक बोलकर उन्होंने सबसे लंबी बजट स्पीच का रिकॉर्ड बनाया था। बीमार भी तभी पड़ी थीं।

टैबलेट से स्पीच पढ़ी और फिर पेपर भी उठाया

तीन साल से निर्मला सीतारमण पेपरलेस बजट ला रही हैं। वाकया 2022 का है, जब वह टैबलेट देखकर बजट पढ़ रही थीं। लगभग एक घंटे 20 मिनट के बाद जीएसटी के आंकड़े बताने के लिए पेपर उठाना पड़ा और उन्हीं का संकल्प टूट गया।

कोरोना के लिए नियम बने, लेकिन दूरी नहीं

वर्ष 2022 में कोरोना संक्रमण के नियम तो बने, लेकिन सदन में सोशल डिस्टेंसिंग नहीं दिखी। डेस्क के सामने फाइबर सीट लगाई गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सभी सांसद मास्क पहने दिखे।

बोलते-बोलते बीमार पड़ गईं वित्त मंत्री

लगभग ढाई घंटे बोलने के बाद निर्मला सीतारमण की तबीयत बिगड़ गई। हरसिमरत कौर उनके पास सहायता के लिए पहुंचीं। कुछ दवा खोलकर भी दी। बाईं ओर सबसे पास में बैठे राजनाथ सिंह बजट पढ़ने से मना करने लगे, लेकिन सीतारमण ने फिर से पढ़ना शुरू कियालेकिन, आखिरी दो पन्ने पढ़े बिना बैठ गईं। ये वाकया वर्ष 2020 के बजट का है।

सूटकेस की जगह बहीखाता

इंदिरा गांधी के बाद निर्मला सीतारमण दूसरी महिला थीं, जो बजट पेश कर रही थीं। वर्ष 2019 के आम बजट में उनकी चर्चा एक परंपरा तोड़ने के कारण हुई। वे जब मंत्रालय से निकलीं तो उनके हाथ में सूटकेस नहीं बल्कि बहीखाता था। जैसे लाल कपड़े में बहीखाता बजट लेकर निकलीं, टीवी पर ब्रेकिंग चलने लगी। सोशल मीडिया पर उनके फोटो शेयर होने लगे।