Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 24 Aug 2022 4:31 pm IST


गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे पर घंटों ठप रही आवाजाही, यात्री परेशान


उत्तरकाशी : गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे बारिश के कारण बुधवार सुबह जगह-जगह घंटों अवरूद्ध रहे। इसके चलते यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गंगोत्री हाईवे भटवाड़ी से आगे हेलगूगाड के समीप दोपहर बाद तक चालू नहीं हो सका था। धरासू के समीप भूस्खलन के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे मंगलवार आधी रात को ही आवाजाही के लिए बंद हो गए थे। सुबह सूचना मिलने पर बीआरओ की जेसीबी मशीनें मौके पर पहुंची और हाईवे को बहाल करने में जुटी रहीं। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों राजमार्ग सुबह पौने दस बजे तक यातायात के लिए खुल सके। यमुनोत्री राजमार्ग तलोग के पास भी घंटों तक बाधित रहा। गंगोत्री हाईवे पर सुबह बंदरकोट के समीप भारी मात्रा में मलबा दरकने से आवाजाही ठप रही। हालांकि, कुछ देर बाद बीआरओ की ओर से मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया। उधर, भटवाड़ी से आगे हेलगूगाड के पास गंगोत्री हाईवे दोपहर बाद भी आवाजाही के लिए नहीं खोजा जा सका था। दोनों राजमार्ग जगह-जगह बाधित रहने के कारण यात्रियों और लोगों को दिनभर परेशानियों का सामना करना पड़ा।