Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 8 Feb 2022 1:56 pm IST


केजरीवाल ने दस बिंदुओं पर जारी किया पार्टी घोषणा पत्र सारांश


आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी के घोषणा पत्र के दस प्रमुख बिंदुओं का सारांश जारी किया। विस्तृत घोषणापत्र आगामी दो दिनों में कर्नल अजय कोठियाल (सेनि) जारी करेंगे। केजरीवाल ने कहा कि आप ने दिल्ली को भ्रष्टाचार मुक्त कर शिक्षा-चिकित्सा और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव किए हैं। उत्तराखंड में भी दिल्ली मॉडल लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता वोट देने से पहले दिल्ली में रहने वाले अपने किसी दोस्त या रिश्तेदार से फोन कर विकास के बारे में पूछ सकते हैं। यदि कोई कहे कि दिल्ली में कुछ नहीं बदला तो आप को वोट न दें। तीन दिवसीय हरिद्वार दौरे पर पहुंचे अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उत्तराखंड राज्य को बने 21 साल हो गए हैं। 10 साल कांग्रेस और 11 साल भाजपा ने राज किया। 21 वर्षों में कुछ नहीं बदला। प्रदेश की दुर्दशा के दोनों दल जिम्मेदार हैं। यहां भ्रष्टाचार सबसे बड़ा नासूर है। भाजपा और कांग्रेस सबने लूटा है। अब पांच साल जनता फिर इनमें किसी भी पार्टी को मौका दे देगी तो कुछ बदलने वाला नहीं है। अगले चुनाव में यही मुद्दे और नारे होंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आप की सरकार ने सात साल में विकास किया है। स्कूल और अस्पताल बनाए हैं। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के घोषणा पत्र के प्रमुख दस बिंदुओं का जिक्र किया। कहा कि उत्तराखंड में केवल आप ही भ्रष्टाचार खत्म कर सकती है। आम आदमी पार्टी को करना आता है। दिल्ली में कर दिखाया है।