Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 5 Feb 2023 6:00 pm IST


राम रहीम ने सत्‍संग में नशे को लेकर दिया खुला चैलेंज, निशाने पर थी SGPC


हिसार: साध्वियों के यौन शोषण व हत्या के दो मामलों में सजा काट रहे बाबा राम रहीम ने नशा छुड़वाने के नाम पर अब अपने विरोधियों को खुली चुनौती दी है। पैरोल पर प्रदेश के बागपत स्थित बरनावा डेरे में ऑनलाइन सत्संग करते हुए राम रहीम ने कहा, आप लोग केवल अपने धर्म के लोगों का ही नशा छुड़वा दो। आ जाओ खुले मैदान में, हमारी चुनौती है।

राम रहीम ने नाम लिए बिना पंजाब के सिख संगठन और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर इशारा किया है। इसका कारण यह है कि SGPC और सिख संगठन राम रहीम की पैरोल का विरोध कर रहे हैं। डेरा प्रमुख ने कहा, बार-बार हम देश के गणमान्य लोगों से आह्वान कर रहे हैं, सभी धर्मों के गणमान्य लोगों से हम विनती करते रहे हैं कि आप भी आओ, राम-नाम से नशा छुड़वाओ। बाकी बातें फिर करते रहना, एक बार समाज को तो सुधार लो।

एनजीओ पर साधा निशाना

राम रहीम ने कहा कि ये मेरा है, ये तेरा है, सभी एक ही नूर से पैदा हुए हैं। आप लोगों को लगता है कि आपका धर्म सही है। हम कहते हैं कि सारे ही सही हैं। अपने धर्म वालों का तो नशा छुड़वा दो, इतने में काम हो जाएंगे। डेरा प्रमुख ने कहा, बड़ी एनजीओ खुली हैं। मानवता भलाई के काम कर रहे होंगे, लेकिन अपने पर्चे में ये भी एड कर लिया करो कि कितनों का नशा छुड़वाकर जान बचाई।

एसजीपीसी कर रही है विरोध

बता दें कि राम रहीम की पैरोल का एसजीपीसी विरोध कर रही है। पंजाब में 29 जनवरी को राम रहीम ने शाह सतनाम सिंह का भंडारा बठिंडा के सलाबतपुरा में रखा था, जिसका पंजाब के सिखों ने विरोध किया था। वहीं, एसजीपीसी भी राम रहीम की पैरोल के विरोध में कोर्ट जाने की बात कर चुकी है, इसलिए राम रहीम अब उन्हें चैलेंज कर रहा है।