Read in App


• Thu, 27 Jun 2024 5:32 pm IST


दीपक मेहरा ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक, इन मुद्दों पर हुई चर्चा....


बागेश्वर। उत्तराखंड वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष दीपक मेहरा ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर फायर सीजन की समीक्षा की। उन्होंने जिले में किसानों के लिए मुसीबत बने बंदर और जंगली सुअरों का आबादी में दखल कम करने की रणनीति बनाने को लेकर भी चर्चा की। वन विभाग सभागार में आयोजित बैठक में उपाध्यक्ष मेहरा ने कहा कि इस साल फायर सीजन में दुखद घटनाएं हुईं जिसको सरकार गंभीरता से ले रही है। आगामी वर्षों में वनाग्नि नियंत्रण और इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए फायर वर्कर्स का कार्यकाल बढ़ाया जा सकता है। फायर सीजन से कुछ माह पूर्व तैनात होने पर फायर वॉचरों को पर्याप्त प्रशिक्षण मिल जाएगा।उन्होंने बंदरों की समस्या से निपटने के लिए जंगलों और दुर्गम इलाकों में वन फल का पौधरोपण करने पर जोर दिया। कहा कि अगर जंगलों में वन फल होंगे तो बंदरों को वहीं भोजन उपलब्ध हो जाएगा। बंदर खाने की तलाश में आबादी या खेतों की ओर कम आएंगे। उन्होंने वन कर्मियों की समस्याओं को सुना और प्रमुखता से निराकरण करने की बात कही। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण, एसडीओ अंकित बडोला, रेंजर श्याम सिंह करायत, वन दरोगा प्रयाग दत्त चौबे, त्रिलोक चंद्र पांडेय, नीतू वर्मा, दिव्या टम्टा आदि मौजूद रहे।