Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 26 Aug 2022 4:07 pm IST


प्रापर्टी टैक्स की वसूली पिछड़ने पर निगम कार्यकारिणी ने जताई चिंता


नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में आय-व्यय और भवन कर वसूली की समीक्षा की गई। बैठक में टैक्स वसूली कम होने पर चिंता जताई गई। कहा गया कि निगम के अधिकारियों को हर हाल में दो करोड़ सालाना टैक्स वसूली का लक्ष्य हासिल करना है। बैठक में नए शामिल क्षेत्रों में दिए गए तहबाजारी के ठेके को स्वीकृति दी गई।

बृहस्पतिवार को मेयर ऊषा चौधरी की अध्यक्षता और नगरायुक्त विवेक राय की मौजूदगी में निगम कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक में निगम की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न स्रोतों पर चर्चा की गई। नगरायुक्त विवेक राय ने बताया कि निगम में नए शामिल हुए 20 वार्डों से सालाना तहबाजारी शुल्क पांच लाख रुपये प्राप्त होता था। इसे संग्रह कराने पर छह लाख रुपये का व्यय आता था। निगम ने इस क्षेत्र की तहबाजारी का ठेका 26 लाख रुपये में दे दिया है। चालू वर्ष के सात माह के लिए करीब 15 लाख रुपये की आय होगी। अगले वर्ष इस ठेके से 32 लाख रुपये की आय प्रस्तावित है। ठेकेदार को पूर्व निर्धारित दरों से तहबाजारी वसूलने के निर्देश दिए गए हैं।