Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 8 Jun 2023 2:10 pm IST


बिहार में पुल के दो पिलर के बीच में फंसा बच्चा, बचाने के लिए 24 घंटे से रेस्क्यू जारी


  • बच्‍चे को बांस के सहारे पहुंचाया गया खाना, पाइप से दी गई ऑक्सीजन

सासाराम (रोहतास): रोहतास में सोन नदी पर बने पुल के दो पिलर के बीच बुधवार शाम से ही 11 साल का बच्चा फंसा हुआ है। गैप से बच्चा दिख रहा है। गुरुवार दोपहर तक टीम ने पिलर में छेद करके बांस के जरिए खाना पहुंचाया। साथ ही उसे पाइप के सहारे ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है।

पिलर में फंसे रंजन कुमार को बुधवार शाम से ही निकालने का प्रयास किया जा रहा है। रात में एसडीआरएफ टीम पहुंची, लेकिन बच्चे को नहीं निकाला जा सका। गुरुवार सुबह फिर से उसको बचाने के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीम का कहना है कि बच्चा स्वस्थ है और रिस्पांड भी कर रहा है। राहत की बात ये है कि वो ज्‍यादा अंदर नहीं फंसा है। उम्मीद है कि कुछ घंटों के ऑपरेशन के बाद उसे सुरक्षित निकाल लिया जाएगा।


दो दिन से लापता था बच्‍चा

बता दें कि तीन अफसर और 35 जवानों की टीम पुल को ऊपर से तोड़कर बच्चे तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पिलर को आठ से 10 फीट काटा जा रहा है। पिलर को डेढ़ बजे तक पांच फीट तक काट लिया गया है। इस घटना के बाद नासरीगंज इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि बच्चा दो दिन से लापता था।