Read in App


• Tue, 23 Feb 2021 7:41 am IST


औद्यागिक नगरी के शिलान्यास पर बोले प्रधानमंत्री ओली, विकास की ओर आगे बढ़ रहा नेपाल


चम्पावत- नेपाल की अंतरिम सरकार के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने उत्तराखंड से लगे सीमांत महेंद्रनगर के दैजी-छैला में प्रस्तावित बहुप्रतीक्षित औद्योगिक क्षेत्र का सोमवार को शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ओली ने कहा कि देश औद्योगिक विकास की ओर अग्रसर है। उद्योगों की स्थापना से नेपाल विकास में आगे बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे रोजगार के लिए विदेश को पलायन में कमी आएगी और स्थानीय स्तर पर आर्थिक समृद्धि बढ़ेगी। औद्योगिक विकास से सुदूर पश्चिम प्रदेश अब विकसित सुदूर पश्चिम प्रदेश बनेगा। उत्तराखंड की बनबसा सीमा से 17 किमी दूर नेपाल के कंचनपुर जिला मुख्यालय महेंद्रनगर की वेदकोट नगर पालिका क्षेत्र के दैजी-छैला में ढाई हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में करीब नौ अरब रुपये की लागत से औद्योगिक नगरी का निर्माण हो रहा है। उद्योग वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्री लेखराज भट्ट ने कहा कि उद्योगपतियों को उद्योग लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। ताकि क्षेत्र के विकास के साथ यहां के लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार भी हो सके। उन्होंने कहा कि उर्वरक, प्लास्टिक, इलेक्ट्रॉनिक और कपड़ा उद्योग स्थापित करने के लिए उद्योगपतियों को सुगमता से भूमि दिलाई जाएगी। इस दौरान अर्थशास्त्रियों और अनुभवी इंजीनियरों से बनाया गया औद्योगिक क्षेत्र का मॉडल नक्शा भी सार्वजनिक किया गया। नेपाल के सीमांत महेंद्रनगर के दैजी-छैला में स्थापित की जा रही औद्योगिक नगरी बनाने की योजना नई नहीं है, बल्कि 25 साल पहले ही औद्योगिक विकास की इस योजना पर विचार शुरू हो गया था। वेदकोट नगर पालिका के मेयर अशोक चंद के मुताबिक 25 वर्ष पूर्व तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन अधिकारी ने इस औद्योगिक क्षेत्र की योजना बनाई थी, लेकिन शुक्लाफांटा वन्यजीव अभयारण्य और वन्यजीवों का कॉरिडोर नजदीक होने के कारण वन विभाग से अनापत्ति न मिलने से योजना लटकी थी। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र के लिए वेदकोट नगर पालिका ने ढाई हजार हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराई है। स्वीकृत डीपीआर के मुताबिक इस औद्योगिक नगरी में छोटे-बड़े 122 उद्योग लगेंगे। वहीं 30 हजार से ज्यादा लोगों को प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।