Read in App


• Tue, 29 Dec 2020 5:56 pm IST


चोपता क्षेत्र से वन विभाग ने हटाए तीन अतिक्रमण


चोपता क्षेत्र में लगातार हो रहे अतिक्रमण के चलते वन विभाग अब सख्त हो गया है। बीते दिनों इस क्षेत्र में हुए तीन नए अतिक्रमण को वन विभाग की टीम द्वारा ध्वस्त किया गया है। यह सेंचुरी क्षेत्र में बिना इजाजत के किया गया था। केदारनाथ वन प्रभाग का कहना है कि क्षेत्र में पर्यावरण और यहां की भौगोलिक स्थिति के साथ ही वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए कड़ी नजर रखी जा रही है।

केदारनाथ वन प्रभाग द्वारा पूर्व में यहां अतिक्रमण करने वालों को बेदखली के नोटिस जारी किए गए हैं। जिसके चलते वन विभाग प्रशासन की मदद से योजना बना रही है। वहीं बीते दिनों तीन स्थानों पर सेंचुरी क्षेत्र में ही अस्थाई हट बनाई गई जिन्हें केदारनाथ वन प्रभाग द्वारा तोड़ दिया गया। केदारनाथ वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी अमित कंवर ने बताया कि इस क्षेत्र में अतिक्रमण पर विशेष नजर रखी जा रही है। पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या के चलते यहां सेंचुरी को भी क्षति पहुंच रही है इसके चलते निर्माण के साथ ही पर्यावरण को नुकसान होने के कारणों पर सख्ती बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि बीते दिनों तीन अतिक्रमण को विभाग द्वारा ध्वस्त कर दिया गया है।