Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 8 May 2023 3:00 pm IST

राजनीति

कर्नाटक : चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सारी पार्टियों ने झोंकी ताकत, प्रियंका गांधी ने किया रोड-शो...


कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव होंगे। वहीं आज चुनाव प्रचार अभियान आज शाम को समाप्त हो जाएगा। हालांकि, इससे पहले राज्य के तीन प्रमुख राजनीतिक दल– भाजपा, कांग्रेस और जेडीएस ने मतदाताओं को रिझाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

बता दें कि, आज भी तीनों ही पार्टियों के कई नेता चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। प्रियंका गांधी ने बेंगलुरु के विजयनगर में रोड शो किया। वहीं जनता दल-सेक्युलर (जेडीएस) के नेता और कर्नाटक के पूर्व सीएम एच. डी. कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि, कांग्रेस ने मुस्लिम समुदाय को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया और उनके कल्याण के लिए कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया। 

पूर्व सीएम ने रविवार शाम कृष्णापुरा में अपनी पार्टी के मेंगलुरु उत्तर के उम्मीदवार मोहिउद्दीन बावा के समर्थन में आयोजित एक चुनावी जनसभा के दौरान यह आरोप भी लगाया कि, कांग्रेस कट्टर हिंदू नेताओं का पार्टी में स्वागत कर रही है, जबकि जद (एस) पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ साठगांठ का आरोप लगा रही है।

उन्होंने कहा कि दोनों राष्ट्रीय दल अपने राजनीतिक लाभ के लिए युवाओं का फायदा उठा रहे हैं। कुमारस्वामी ने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनावों के मद्देनजर बिल्लवा समुदाय के वोटों को ध्यान में रखते हुए ‘बिल्लवा विकास निगम’ गठित करने की घोषणा की है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि लोग, जनता दल (सेक्युलर) में विश्वास जताएंगे। वहीं जनसभा के दौरान पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बी एम फारूक, बी ए मोहिउद्दीन बावा, अक्षित सुवर्णा और एम बी सदाशिव भी मौजूद थे।