Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 21 Oct 2022 8:00 am IST


धनतेरस की शाम भूलकर भी न करें ये कार्य, मां लक्ष्मी उल्टे पैर लौट सकती हैं वापस


हिंदू धर्म में दीपावली पर्व का काफी महत्व है। जिसकी शुरुआत धनतेरस के साथ हो जाती है। धनतेरस के दिन मां लक्ष्मी, भगवान धन्वंतरि और कुबेर भगवान की पूजा करने का विधान है। इसके साथ ही धनतेरस के दिन सोना-चांदी, बर्तन आदि की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। इस साल धनतेरस का पर्व 23 अक्टूबर, रविवार को मनाया जा रहा है। जानिए इस दिन कौन से काम नहीं करना चाहिए।

खाली न छोड़ें घर 
धनतेरस के दिन मां लक्ष्मी के साथ भगवान कुबेर की पूजा की जाती है। इस दिन खरीदारी करना शुभ माना जाता है। इसी कारण कई लोग इस दिन खरीदारी के लिए घर में ताला लगाकर चले जाते हैं। जबकि ऐसा नहीं करना चाहिए। धनतेरस के दिन शाम को किसी न किसी व्यक्ति को घर में जरूर रहना चाहिए।

शाम को दीपक जलाना न भूलें
धनतेरस के दिन शाम के समय यम के नाम का दीपक जरूर जलाना चाहिए। दीपक को दक्षिण दिशा की तरफ मुख करके पितरों और यम का ध्यान करके रख दें। ऐसा करने से पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होता है और अकाल मृत्यु का भय समाप्त हो जाता है।

शाम को न करें किसी भी तरह का लेन देन
धनतेरस की शाम काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। क्योंकि इस दिन माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है। इसलिए इस दिन शाम के समय किसी भी प्रकार का लेन देन करने से बचना चाहिए। ऐसा करने से आर्थिक स्थिति कमजोर हो जाती है।

किसी को भी न दें सफेद चीज
धनतेरस के दिन शाम के समय किसी को भी चावल, दूध, आटा, शक्कर या फिर सफेद रंग की मिठाई न दें। ऐसा करने से मां लक्ष्मी रुष्ट हो जाती हैं।