Read in App


• Tue, 30 Jul 2024 3:40 pm IST


केदारनाथ हाईवे पर सोनप्रयाग में अभी नहीं हुआ भारी वाहनों का संचालन शुरू


केदारनाथ हाईवे पर सोनप्रयाग में शटल पुल के समीप अभी भारी वाहनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। हालांकि एनएच लोनिवि द्वारा यहां सड़क सुधारीकरण का कार्य निरंतर जारी है। सोनप्रयाग से गौरीकुंड के लिए जरूरी सामान की आपूर्ति छोटे वाहनों से की जा रही है। इधर, एनएच के अनुसार भारी वाहनों के संचालन के लिए अभी 3 दिन से अधिक का समय लग सकता है।
बता दें कि बीती 27 जुलाई को भारी बारिश के कारण केदारनाथ हाईवे पर सोनप्रयाग शटल सेवा के समीप भूस्खलन से हाईवे का करीब 200 मीटर हिस्सा ध्वस्त हो गया था। यात्रा प्रभावित न हो इसके लिए प्रशासन ने त्वरित गति से यहां कार्य शुरू किया। इसी दिन मार्ग में फंसे यात्रियों की आवाजाही कराई जबकि सांय तक ही मार्ग को छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु किया। इससे लोगों को बड़ी राहत मिली। किंतु चार दिन गुजर जाने के बाद अभी भी सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक भारी वाहनों का संचालन नहीं हो पाया है। जिससे कई सामान पहुंचाने में व्यापारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने एनएच लोनिवि एवं प्रशासन से शीघ्र सोनप्रयाग में तेजी से कार्य करने की मांग की है। इधर, एनएच लोनिवि के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह ने बताया कि सोनप्रयाग में हाईवे सुधारीकरण का कार्य जारी है। अभी भारी वाहनों के संचालन में 3 दिन से अधिक का समय लग सकता है।