Read in App


• Wed, 14 Apr 2021 6:48 pm IST


गढ़वाल विवि अधिकारी -कर्मचारी समय पर नहीं पहुंच रहे दफ्तर


पौड़ी-एचएनबी गढ़वाल (केंद्रीय) विवि प्रशासन के बार-बार आदेशों के बावजूद कई कर्मचारी और अधिकारी समय पर दफ्तर में उपस्थित नहीं हो रहे हैं। न ही लंच टाइम के आदेशों का पालन हो रहे हैं। विवि के कुलसचिव ने एक बार फिर आदेश जारी करते हुए अधिकारी/कर्मचारियों को कार्यालय समय के नियमों का पालन करने के लिए कहा है। आदेश का पालन न होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। गढ़वाल विवि में कर्मचारी समय पर अपने पटलों पर नहीं पहुंचते हैं। पूर्व में भी कुलसचिव डा. अजय खंडूड़ी ने निरीक्षण के दौरान पाया था कि कर्मचारी/अधिकारी सुबह निर्धारित वक्त पर कार्यालयों में नहीं पहुंच रहे हैं। इसके अलावा कर्मचारी लंच टाइम के लिए निर्धारित आधा घंटे से ज्यादा कार्यालय से नदारद रहते हैं। इसे देखते हुए उन्होंने 23 दिसंबर 2020 को आदेश जारी करते हुए सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचने और आधा घंटे लंच टाइम के नियम का पालन करने की अपील की थी, लेकिन कुलसचिव के आदेशों को हवा में उड़ा दिया गया। कुलसचिव ने 4 फरवरी 2021 को पुन: आदेश जारी किया, लेकिन उसका भी असर नहीं हुआ।