टिहरी : अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को देखते भगवान राम की तपस्थली देवप्रयाग में पालिका की ओर से वॉल पेंटिंग और रंगाई पुताई का काम तेजी से किया जा रहा है। साथ ही भाजपा की ओर से जगह-जगह नारे लिखे जाने से राजनैतिक माहौल भी गरमा गया है।
देवप्रयाग नगर पालिका की ओर से प्राचीन रघुनाथ मन्दिर, संगम स्थल आदि स्थानों पर रंगाई पुताई कर आकर्षक वॉल पेंटिंग करवाई जा रही हैं। दीवारों और सीढ़ियों पर भगवान राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान सहित मां गंगा आदि की मनमोहक पेंटिंग की जा रही है। भाजपा की ओर से भी पार्टी चिन्ह सहित चुनावी नारे भी लिखे जा रहे हैं। इससे गैर भाजपा दलों के पदाधिकारियों और समर्थकों में खासा रोष बना है, उनके द्वारा जब पेंटरों से ऐसे नारे लिखने वजह पूछी गई, तो उन्होंने बताया कि भाजपा के स्थानीय लोगों द्वारा इस तरह के नारे लिखने को कहा गया है।
नगर पालिका प्रशासक व एसडीएम सोनिया पंत ने कहा उनके संज्ञान मामला आया है, उन्होंने मामले की जांच की बात कही है। कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर लिखे जाने की बात का उचित संज्ञान लेकर कार्यवाही की जाऐगी। उधर, तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर पेंटरों से इस तरह के नारे तत्काल मिठाने को कहा है। देवप्रयाग कांग्रेस के नगर अध्यक्ष त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि भाजपा द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर चुनावी नारे लिखवाकर राम मन्दिर के पीछे छुपे एजेंडे को स्पष्ट किया जा रहा है।