Read in App


• Tue, 13 Feb 2024 2:51 pm IST


रुद्रपुर में पाइप लीक होने से सिलिंडर में लगी आग, दो बच्चे समेत सात लोग झुलसे


रुद्रपुर। रसोई में खाना पकाते समय पाइप लीक होने सिलिंडर में आग लग गई। इससे परिवार में अफरा तफरी मच गई। जलते सिलिंडर की चपेट में आकर दो बच्चों समेत सात लोग झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।सोमवार को आजादनगर ट्रांजिट कैंप में कृष्ण लाल के घर पर उनकी बेटी रेनू की गोदभराई कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। दोपहर में घर के भीतर बनी रसाेई में भोजन पकते समय अचानक सिलिंडर में आग लग गई। इससे अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। घबराए लोग बाहर निकलने लगे। इसी बीच कृष्ण लाल, उनका बेटा वीरू, मनोज, बेटी रेनू, धेवता आदर्श (03) अरेी आयुष (02) पुत्रान नंदराम घर के भीतर ही आग की लपटों के बीच फंस गए। उक्त सभी छह लोगों के आग की चपेट में आने से मुंह, हाथ व शरीर के अन्य हिस्से झुलस गए।

परिजनों ने इसकी सूचना दमकल को दी और जलते सिलिंडर को निकालने में जुट गए। कार्यक्रम में शामिल होने आया मबई काजियान जिला बरेली निवासी अजय पुत्र खेमपाल रजाई ओढ़कर भीतर घुसा और जलते सिलिंडर को बाहर निकालकर नाले में फेंक आग बुझाई। इसमें अजय की कोहनी भी झुलस गई। सातों लोगों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंचे दमकल वाहन ने मौके पर पहुंचकर घर में लगी आग पर काबू पाया। पीएमएस डॉ. आरके सिन्हा ने बताया कि झुलसे लोगों को भर्ती किया गया है। इधर, कृष्ण लाल ने बताया कि सिलिंडर में आग लगने से घर में रखा सभी सामान जल गया। कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और बेटी की गोद भराई के लिए लाया गया सामान, जेवरात आदि भी जल गए हैं।