Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 13 Feb 2022 8:14 am IST


यूक्रेन संकट पर बाइडन ने की पुतिन से फोन पर बात, दी कड़े जवाब की चेतावनी


यूक्रेन संकट को लेकर रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन तथा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच फोन पर चली लंबी वार्ता समाप्त हो गई। व्हाइट हाउस का कहना है कि ऐसी रिपोर्ट है कि रूस जल्द ही यूक्रेन पर आक्रमण कर सकता है। व्हाइट हाउस ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच 62 मिनट तक बातचीत हुई। इससे पहले पुतिन की फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से रूस और यूरोप की सुरक्षा पर एक घंटा चालीस मिनट वार्ता हुई। पुतिन से वार्ता में बाइडन ने यूक्रेन पर हमला होने की स्थिति में कड़े जवाब की चेतावनी दी। बाइडन ने कहा, यह जवाब इतने व्यापक असर वाला होगा कि उससे रूस का दुनिया में टिके रह पाना मुश्किल हो जाएगा। इस बीच अमेरिका ने यूक्रेन से अपने दूतावास कर्मी और 150 मिलिटरी ट्रेनर बुलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनर यूक्रेन में सैनिकों को मदद में दिए गए अमेरिकी हथियार चलाने का प्रशिक्षण देने गए थे। रूस के बचे हुए राजनयिकों और अन्य कर्मचारियों ने भी यूक्रेन छोड़ना शुरू कर दिया है। यूक्रेन की सीमाओं पर बनी स्थिति को देखते हुए अमेरिका और उसके सहयोगी देशों ने अपने नागरिकों से 48 घंटे में यूक्रेन छोड़ने के लिए कहा है।