Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 13 Jul 2023 5:36 pm IST

ब्रेकिंग

पटना में पुलिस के लाठीचार्ज से भाजपा नेता की मौत, सीएम नीतीश के इस्‍तीफे की मांग


पटना: बिहार सरकार के विरुद्ध विधानसभा मार्च कर रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस पिटाई में कई नेता और कार्यकर्ता घायल हो गए। जबकि, इसी पिटाई से जहानाबाद के जिला महामंत्री विजय सिंह की मौत हो गई। इसकी जानकारी पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने ट्वीट करके दी है।

पटना मेडिकल कॉलेज एंड अस्‍पताल के अधीक्षक आईएस ठाकुर ने मौत की पुष्टि की है। मौत के बाद अस्पताल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। विधानसभा परिसर में नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा धरने पर बैठ गए। भाजपा ने सीएम नीतीश कुमार का इस्तीफा मांगा है। कल भाजपा राजभवन मार्च करेगी।


पुलिस ने सांसद जनार्दन को भी पीटा

गौरतलब है कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने रोकने का प्रयास किया था। जब वे नहीं माने तो पहले वाटर कैनन से पानी की बौछार की। आंसू गैस के गोले छोड़े और फिर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पत्थरबाजी की। पुलिस पर मिर्ची स्प्रे से हमला किया। पुलिस ने महाराजगंज सांसद जनार्दन सिग्रीवाल को भी लाठी से पीटा और धक्का दिया। इस दौरान वह भी घायल हो गए, उनके सिर और चेहरे पर चोट आई है। जनार्दन सिंह सिग्रीवाल आईजीआईएमएस के प्राइवेट वार्ड-1 में भर्ती हैं। उनका CT स्कैन हुआ है, जिसमें ब्रेन नॉर्मल है। सांसद को वाई प्लस सुरक्षा मिली हुई है। पिटाई के समय उनके सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे।

प्रदर्शन में शामिल बीजेपी बिहार प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। विधानसभा संयोजक डॉ. संजय मिश्रा को कुर्ता फाड़कर पीटा गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को भी पुलिस ने नहीं छोड़ा। पीएमसीएच में 11 से अधिक घायल नेता और कार्यकर्ता भर्ती हैं। पुलिस ने सम्राट चौधरी सहित कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को बस भरकर ले गई। बाद में छोड़ दिया।


पूर्व उप मुख्‍यमंत्री सुशील मोदी ने किया ट्वीट

पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने ट्वीट करते हुए बताया कि जहानाबाद के महामंत्री विजय कुमार सिंह को पुलिस ने बुरी तरह से पीटा। उनको नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। सिर में गंभीर चोट थी। उन्हें वहां से गंभीर हालत में पीएमसीएच ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। उन्‍होंने कहा कि हमारी महिला कार्यकर्ताओं को भी पीटा गया। इधर, इस मामले पर पटना के एसएसपी राजीव मिश्रा ने कहा कि छज्जूबाग में विजय कुमार सिंह बेहोश मिले थे। उनके शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं है।

पुलिस के लाठीचार्ज पर किसने दिया क्‍या बयान?

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार ने अपराधी की तरह मेरे भाई की हत्या करवाई है। भाजपा इस हत्या का बदला लेगी। जिस तरह लाठी चलवाने का काम किया गया, आंसू गैस चलाने का काम किया गया, इससे स्पष्ट है कि नीतीश कुमार भाजपा के लोगों की हत्या करवाना चाहते हैं।

लाठीचार्ज पर आरजेडी एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि टिकट कंफर्म करवाने के लिए भी हो सकता है, बीजेपी नेता ने खुद को पिटवाया हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जबरन उत्तेजित कीजिएगा तो ये हाल होगा ही।

जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि कानून का पालन तो करना ही होगा। डाक बंगला का क्षेत्र प्रतिबंधित है। कानून का सम्मान करना चाहिए।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने ट्वीट कर कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं पर पटना में हुआ लाठीचार्ज राज्य सरकार की विफलता और बौखलाहट का नतीजा है। महागठबंधन की सरकार भ्रष्टाचार के किले को बचाने के लिए लोकतंत्र पर हमला कर रही है। जिस व्यक्ति पर चार्जशीट हुई है, उसको बचाने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री अपनी नैतिकता तक भूल गए हैं।

नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि हमारे शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। हमें खदेड़ा जा रहा है।

एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट शशिभूषण कुमार और सिपाही पवन पर पत्थर और मिर्ची पाउडर फेंका गया है।

बीजेपी विधायक नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार लोकतंत्र की हत्या करवा रहे हैं। लाठीचार्ज की जा रही है, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं।

बीजेपी के प्रदर्शन को रोकने के लिए गांधी मैदान से आईटी गोलबंर तक 40 मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। गांधी मैदान, डाक बंगला चौराहा, इनकम टैक्स गोलंबर, भाजपा ऑफिस के पास, आर ब्लॉक और विधानसभा के पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

जमुई के सांसद और लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने ट्वीट कर लाठीचार्ज पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में चूर मुख्यमंत्री जी की पुलिस ने बिहारियों के हक और अधिकार के लिए लड़ रहे भाजपा के निहत्थे कार्यकर्ता की जान ले ली। बिहार में अघोषित आपातकाल नहीं है तो और क्या है? उन्होंने विजय सिंह की दुःखद मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर शोक संतप्त परिजनों को धैर्य और दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।