Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 7 Mar 2022 11:54 am IST


मेरी चुनरी में पड़ गयो दाग री एसो चटक रंग डारो


प्रतिष्ठित धार्मिक संस्था हरि: शरणम ‘जन’ की ओर से शनिवार को रामपुर रोड स्थित शाकुंतलम बैंक्वेट हॉल में कुमांऊनी और बृज की होली गायन का भव्य आयोजन किया गया। होली महोत्सव में कुमाऊंनी महिलाओं की होली, फूलों की होली, ब्रज की होली, मयूर नृत्य, दिव्यांगों संग सुमधुर संगीत के साथ होली गायन किया गया। महिलाओं ने होली गीतों के नृत्य के साथ ही स्वांग भी रचे। दिव्यांगों और महिलाओं की होली टीमों को हरिशरणम जन की ओर से सम्मानित भी किया गया। अमर उजाला होली महोत्सव का मीडिया पार्टनर रहा।हरि: शरणम ‘जन’की ओर से आयोजित कुमाउंनी और बृज फागोत्सव में पहुंचे सैकड़ों लोगों ने होली का खूब आनंद लिया। 16 होली टीमों की 251 महिलाओं ने होली गीतों और स्वांग की शानदार प्रस्तुति से वाहवाही लूटी। फूलों की होली और मयूर नृत्य ने समारोह में चार चांद लगा दिए। नैब और स्थानीय करीब 90 दिव्यांग बच्चों ने भी होली समारोह का हिस्सा लिया। दिव्यांगों के नृत्य ने माहौल को यादगार बना दिया। आकर्षक फूलों से सजे सिंहासन पर ठाकुर जी दिव्य स्वरूपों में श्रीमान लालन जू, किशोर जू, तुलसी जी के साथ विराजमान हुए। संस्थान प्रमुख स्वामी रामगोविंद दास भाईजी ने नैवेद्य अर्पण कर ठाकुर जी को रंग और पिचकारी देकर फागोत्सव का श्रीगणेश किया। सिद्धि को दाता विघ्न विनाशन होली खेलें गिरिजापति नंदन गायन से होली गायन की शुरुआत हुई। शिव शक्ति मंडली ऊंचापुल, भट्ट कालोनी ग्रुप और जय जिया ग्रुप ने राधा कृष्ण का स्वरूप धर कर कुमाउंनी होली गायन किया।