Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 20 May 2022 5:37 pm IST


भीषण गर्मी में भी मतदान में आगे निकलीं महिलाएं


नगर पंचायत शक्तिगढ़ में उपचुनाव के दिन वोट देने के लिए भीषण गर्मी में भी आधी आबादी में जोश नजर आया। महिला मतदाताओं ने पुरुषों से 1.2 फीसदी मतदान अधिक कर उन्हें पछाड़ दिया। नगर पंचायत के सात वार्डों में से वार्ड छह में सर्वाधिक 78 फीसदी मतदान हुआ जबकि वार्ड तीन से 63 फीसदी वोट पड़े।

नगर पंचायत क्षेत्र की कुल आबादी 7784 में 2933 पुरुष और 2682 महिला मतदाता हैं। अध्यक्ष चुनने के लिए 3868 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 2003 पुरुष और 1865 महिला मतदाताओं ने मतदान किया। पुरुष मतदान 68.3 और महिला मतदान 69.5 फीसदी रहा। पुरुषों की अपेक्षा 1.2 फीसदी अधिक महिलाओं ने अपना जनप्रतिनिधि चुनने के लिए मताधिकार का प्रयोग किया। भीषण गर्मी के बावजूद वृद्ध महिलाओं में वोट डालने के लिए जज्बा था।

वार्ड एक की 102 वर्षीय गुलाबी देवी और 98 वर्षीय सुनीता देवी भी अपने परिजनों के साथ बूथ पर वोट डालने पहुंचीं। बूथ पर तैनात कर्मचारियों ने भी बुजुर्ग मतदाताओं को तत्काल वोट डलवाए।