Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 28 Apr 2022 6:30 pm IST

जन-समस्या

साइंस आउटरीच में छात्रों को वैज्ञानिकों ने बताए विज्ञान के रहस्य


हिमालयन ग्राम विकास समिति (एचजीवीएस) की ओर से साइंस आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिष्ठित संस्थानों के 14 वैज्ञानिकों सहित पिथौरागढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग सहित 25 विद्यालयों, हेमवती नंदन बहुगुणा श्रीनगर, बेड़ीनाग महाविद्यालय के छात्रों, विज्ञान शिक्षकों ने भाग लिया।

एचजीवीएस ने सीएनआर राव एजुकेशन फाउंडेशन बेंगलुरु, उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा और अनुसंधान केंद्र देहरादून के सहयोग से दो दिवसीय साइंस आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रो. बीडी लख्चौरा ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों को कार्यक्रम का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया। वैज्ञानिकों ने विज्ञान की विभिन्न विधाओं की जानकारी देकर पदार्थ विज्ञान, नई चिकित्सा पद्धति आटोफैजी, निद्रा विज्ञान, भौतिकी, रसायन विज्ञान के प्रयोगात्मक अध्ययन, बायोटेक्नोलॉजी में कॅरिअर बनाने की जानकारी दी। प्रो. रवि मजीथैया ने स्वास्थ्य और बीमारियों में आटोफैजी, प्रो. उमेश वाघमरे ने पदार्थ विज्ञान के बारे में बताया। प्रो. शीबा वासु ने निद्रा क्यों और कैसे विषय पर जानकारी दी।

प्रो. विद्याधिराजा, प्रो. प्रताप विश्नोई ने विज्ञान प्रयोगात्मक अध्ययन पर अनेकों प्रयोगों के माध्यम से जानकारियां दीं। प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने जीवविज्ञान के क्षेत्र में कॅरिअर की संभावनाएं बताईं। शिक्षाविद डॉ. अशोक पंत ने कहा कि छात्र-छात्राओं को विज्ञान के प्रति जिज्ञासा होनी चाहिए, तभी वह वैज्ञानिक बन सकते हैं। इंजीनियर अरुणा ने संचालन किया। बीएस कोरंगा ने वैज्ञानिकों का आभार जताया। वहां डॉ. जयश्री सनवाल, डॉ. दर्शना जोशी, जयचंद्रा, विनायक पत्तार, प्रो. एएस जीना, एचजीवीएस अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, दिनेश भट्ट, किशोर पाटनी, मनोज भाकुनी, दिलवर सिंह बिष्ट आदि शामिल रहे।