Read in App


• Tue, 12 Mar 2024 4:35 pm IST


बुजुर्ग महिला के पेट से निकला 14 किलो का ट्यूमर, एक घंटे चला ऑपरेशन


रुद्रपुर।जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय में अब रोगियों को और भी बेहतर सुविधाएं मिलने लगी हैं। सालों से पेट दर्द से परेशान बुजुर्ग महिला के पेट से 14 किलो का ट्यूमर निकला। इससे पहले जिला अस्पताल में इतने बड़े ट्यूमर का ऑपरेशन नहीं किया गया।सोमवार को जिला चिकित्सालय में पहली बार 14 किलो के ट्यूमर को सफल ऑपरेशन कर बाहर निकाला गया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ केदार सिंह शाही ने बताया कि शहर में रहने वाली 73 साल की एक महिला को पिछले तीन-चार साल से पेट दर्द की शिकायत थी। पेट फूलता जा रहा था। कई जगह इलाज कराया लेकिन इलाज नहीं हो सका। अधिक तकलीफ होने पर चार दिन पहले महिला जिला चिकित्सालय पहुंची। सात मार्च को अस्पताल में उसे भर्ती कर जांच कराई गई। जांचों में महिला के पेट में ट्यूमर मिला।डॉ. शाही ने बताया कि करीब एक घंटे तक वह व उनकी टीम के डॉ. विवेक व डॉ. यदुराज भट्ट ट्यूमर के जटिल ऑपरेशन में लगे रहे और जब ट्यूमर को बाहर निकाला तो वजन करने पर वह 14 किलो का निकला। जो पेट के भीतर अन्य हिस्सों में मवाद बना रहा था। इससे महिला को तकलीफ हो रही थी। बताया कि महिला अब पूरी तरह से स्वस्थ है और तीन चार दिन तक भर्ती रखने के बाद उसे छुट्टी दे दी जाएगी।