Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 5 May 2022 3:56 pm IST


नैनीताल में बढ़े पर्यटक, दुपहिया को नहीं जाने दिया


ईद की छुट्टी के बाद बुधवार को नैनीताल में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे, जिससे यहां काफी चहल-पहल रही। पर अपने दुपहिया वाहनों से आए पर्यटकों को नैनीताल नहीं जाने दिया गया। इस कारण सैकड़ों पर्यटक काठगोदाम, रूसी बाईपास व नारायणनगर से ही वापस लौट गए। यहां पर्यटकों के लिए शटल सेवा के बजाय रोडवेज की नियमित बस सेवा को ही उपलब्ध कराया गया था।बुधवार को नैनीताल के रूसी बाईपास पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। ईद के दूसरे दिन नैनीताल पहुंचने वाले पर्यटकों की काफी भीड़ रही। यातायात सुगम बना रहे, इसके लिए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर दुपहिया से नैनीताल आने वाले पर्यटकों को रोक दिया गया। केवल उन वाहनों को ही नैनीताल नगर में प्रवेश मिला, जिनकी होटल की बुकिंग नैनीताल में पहले से थी। इसके अलावा अन्य वाहनों को बाईपास में बनी पार्किंग में खड़ा कराया गया। वहां से नैनीताल जाने वाली रोडवेज बस के जरिए पर्यटकों को नैनीताल जाने का विकल्प दिया गया, पर असुविधा को देखते हुए काफी संख्या में पर्यटक आधे रास्ते से ही वापस लौट गए। तल्लीताल थाना के एसओ रोहिताश सागर ने बताया कि यातायात व्यवस्था सुगम बनाए रखने के लिए वाहनों की चेकिंग की जा रही है। जिन लोगों की बुकिंग नैनीताल के होटलों में पहले से है, केवल उन्हें ही प्रवेश दिया जा रहा है। अन्य वाहनों को रूसी बाईपास में बनी अस्थाई पार्किंग में खड़ा करा लोगों को वहां से शटल सेवा के माध्यम से भेजा जा रहा है। नगर में वाहनों का अनावश्यक दबाव न बने, इसके लिए पुलिस सख्ती से कार्य कर रही है।