Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 26 Jul 2022 3:07 pm IST


जागेश्वर धाम में 12 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन


सावन के दूसरे सोमवार को विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम समेत अन्य शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। जागेश्वर धाम में भारी भीड़ के चलते श्रद्धालुओं को दर्शन और पूजा के लिए कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।

सावन के दूसरे सोमवार को विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम, बेतालेश्वर, विश्वनाथ, देवस्थल, समेत रत्नेश्वर, बालेश्वर, एनटीडी शिवालय, बद्रेश्वर, पातालदेवी आदि शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता रहा। जागेश्वर धाम मेें 12 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे थे। देहरादून, लखनऊ, चंडीगढ़ समेत तमाम बाहरी स्थानों से लोग जागेश्वर धाम पहुंचे थे। भीड़ के चलते मंदिर में श्रद्धालुओं को कतार में खड़े होकर दर्शनों के लिए इंतजार करना पड़ा।

जागेश्वर धाम में 104 भौतिक पूजा हुई जिसमे पार्थिक पूजा, कालसर्प योग, दुर्गापाठ, शिव स्तुति आदि पूजाएं शामिल हैं। सुबह तड़के से ही श्रद्धालु जागेश्वर धाम और शिवालयों में सुबह तड़के से ही पहुंचने लगे थे। शिवालयों में बम-बम भोले, ओम नम: शिवाय गुंजायमान रहा। बच्चे से लेकर बूढ़े तक भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक करने को पहुंचे थे।