Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 20 Oct 2021 7:30 am IST


उत्तराखंड में बारिश से नकदी फसलों को पहुंचेगा लाभ, धान को होगा नुकसान


 देहरादून। मौसम का बदला मिजाज उत्तराखंड के काश्तकारों को मिलाजुला संकेत दे रहा है। अक्टूबर की बारिश और बर्फबारी जहां नकदी फसलों के लिए आगे लाभकारी साबित होगी। वहीं, जिन क्षेत्रों में धान की कटाई चल रही है, वहां बारिश के कारण धान की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचने का अंदेशा है।

सात अक्टूबर को मानसून के विदा होने के बाद करीब एक सप्ताह प्रदेश में चटख धूप खिली रही, जिससे तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस ऊपर तक रिकार्ड किया गया। अचानक मौसम का मिजाज बदला और दो दिन से प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी है। सोमवार तड़के पूरे प्रदेश में बारिश व पहाड़ों पर हिमपात भी हुआ है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले एक से दो दिन बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है। सब्जियां, दलहन व नकदी फसलों के लिए यह बारिश लाभकारी साबित होगी। इस बार उत्तराखंड में मानसून सीजन में सामान्य से करीब दस फीसद कम बारिश हुई। हालांकि, कुछ जिलों में यह सामान्य से अधिक रिकार्ड की गई।