Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 30 Apr 2023 3:00 pm IST

राजनीति

कर्नाटक के कोलार में रैली: PM मोदी ने कांग्रेस को बताया 'पुराना इंजन', बोले- विकास कर रही भाजपा


कोलार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दूसरे दिन कर्नाटक में रैली की शुरुआत कोलार से की। यहां उन्होंने 56 मिनट का भाषण दिया। इसके बाद वे रामनगर जिले के चन्नापटना और हासन के बेलूर में लोगों को संबोधित करेंगे। इन रैलियों के बाद प्रधानमंत्री शाम को मैसूर में रोड शो कर भाजपा के लिए चुनावी प्रचार करेंगे।

कोलार में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बिना नाम लिए कांग्रेस के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष पर निशाना साधा। उन्‍होंने कहा, अब वे मेरी तुलना सांप से कर रहे हैं और लोगों से वोट मांगने का दुस्साहस कर रहे हैं। उन्हें पता होना चाहिए भगवान शंकर के गले में नाग विराजमान है और मेरे लिए जनता, भगवान के समान है। आज के जमावड़े से कांग्रेस और जेडीएस की नींद उड़ जाएगी। दोनों पक्ष विकास की प्रक्रिया में सबसे बड़ी बाधा हैं। उन्‍हें जनता ने क्लीन बोल्ड कर दिया है।

कांग्रेस को बताया फर्जी गारंटियों का पुलिंदा

रैली में पीएम मोदी ने कहा कि अस्थिर सरकारों के पास विजन नहीं हो सकता। कांग्रेस के शासन काल में दुनिया भारत से ना उम्मीद थी, लेकिन जैसे ही भाजपा सत्ता में आई, दुनिया अब भारत को एक उज्ज्वल स्थान के रूप में देखने लगी। कर्नाटक ने भाजपा को चुनने का फैसला किया है। राज्य में निरंतर विकास के लिए डबल इंजन की सरकार बहुत महत्वपूर्ण है। कांग्रेस और जेडीएस शासन के दौरान विकास की गति धीमी हो गई। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस एक 'पुराना इंजन' है, जिनके कारण विकास रुक गया। कांग्रेस के पास फर्जी गारंटियों का पुलिंदा है। जनता से किया कोई भी वादा आप पूरा नहीं करते। 'अधूरी गारंटियां' उनका रिकॉर्ड है। उन्होंने जनता को धोखा दिया, लेकिन बीजेपी ने कई विकास कार्य करके सभी वादों को पूरा किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया में भारत के बढ़ते रुतबे को लेकर कहा कि वर्ष 2014 से पहले कांग्रेस के भ्रष्टाचार काल में दुनिया को भारत से कोई उम्मीद नहीं थी। हालांकि, आपके एक कीमती वोट ने परिदृश्य को पूरी तरह बदल दिया। भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है और भारत को अब एक ब्राइट स्पॉट माना जाता है। दुनिया इस बारे में बात कर रही है कि कैसे भारत ने सदी में एक बार आने वाली महामारी का सामना किया। भारत ने दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण कार्यक्रम चलाया और अपनी काबिलियत साबित की।

भ्रष्‍टाचार के खिलाफ कार्रवाई से कांग्रेस सबसे ज्‍यादा परेशान

प्रधानमंत्री ने विपक्षी नेताओं की अपने ऊपर की गई टिप्पणियों पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ मेरी कार्रवाई से कांग्रेस सबसे अधिक परेशान है। इसलिए, वे मुझसे और अधिक घृणा करने लगे और मुझ पर आक्रमण करने लगे। वे मुझे धमकी दे रहे हैं, "मोदी तेरी कब्र खुदेगी।" अब वे मेरी तुलना सांप से कर रहे हैं और लोगों से वोट मांगने का दुस्साहस कर रहे हैं। उन्‍होंने भारत को आधुनिक बनाने में बढ़ते कदमों को लेकर कहा कि डबल इंजन सरकार जो आधुनिक कनेक्टिविटी के लिए काम कर रही है, वो इस पूरे क्षेत्र में नई संभावनाएं बनाएगी।

बता दें कि 10 मई को कर्नाटक में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे 11 दिन पहले यानी 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के दौरे पर कर्नाटक पहुंचे थे। 29 अप्रैल को उन्होंने कर्नाटक में तीन जनसभाएं और एक रोड शो किया था।