Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 18 Mar 2023 1:13 pm IST

नेशनल

PM मोदी ने ग्लोबल मिलेट्स सम्मेलन का किया उद्घाटन, तारीफ में कही ये बड़ी बात...


नई दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी ने आज 'ग्लोबल मिलेट्स (श्री अन्न) सम्मेलन' का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष -2023 पर एक डाक टिकट और सिक्का भी जारी किया। 

पीएम मोदी ने आगे श्री अन्न योजना की तारीफ की। बोले, 'श्री अन्न' भी भारत में समग्र विकास का माध्यम बन रहा है, इसमे गांव भी जुड़ा है और गरीब भी जुड़ा है। श्री अन्न यानी देश के छोटे किसानों के समृद्धि का दरवाजा है। श्री अन्न यानी देश के करोड़ों लोगों के पोषण का कर्णधार है। श्री अन्न यानी देश के आदिवासी समाज का सत्कार है। 

श्री अन्न यानी कम पानी में ज्यादा फसल की पैदावार है। श्री अन्न यानी केमिकल मुक्त खेती का बड़ा आधार है। श्री अन्न यानी क्लाइमेट चेंज की चुनौतियों से निपटने में मददगार है। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, 'मुझे गर्व है कि, भारत 'अंतर्राष्ट्रीय बाजरा वर्ष' का नेतृत्व कर रहा है। ग्लोबल मिलेट्स कॉन्फ्रेंस जैसे आयोजन न केवल ग्लोबल गुड के लिए जरूरी हैं, बल्कि ग्लोबल गुड्स के लिए भारत की बढ़ती जिम्मेदारी का प्रतीक भी हैं।'

प्रधानमंत्री ने कहा कि, जलवायु लचीला होना मिलेट्स की ताकत है। बहुत प्रतिकूल जलवायु परिस्थितियों में भी मिलेट्स का आसानी से उत्पादन हो जाता है। इसकी पैदावार में अपेक्षाकृत पानी भी कम लगता है, जिससे पानी के संकट वाली जगहों के लिए ये एक पसंदीदा फसल बन जाती है। उन्होंने कहा, 'श्री अन्न' केवल खेती या खाने तक सीमित नहीं हैं, जो लोग भारत की परंपराओं से परिचित हैं, वह ये भी जानते हैं कि हमारे यहां किसी के आगे 'श्री' ऐसे ही नहीं जुड़ता है। जहां 'श्री' होती हैं वहां समृद्धि भी होती है और समग्रता भी होती है।

पीएम मोदी ने इस क्षेत्र में नए स्टार्टअप्स आने की बात भी कही। बोले, हमारे युवा साथी किस प्रकार के नए-नए स्टार्टअप लेकर इस क्षेत्र में आए हैं, ये भी अपने आप में प्रभावित करने वाला है। ये सभी भारत की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है। बताते चलें कि, संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 5 मार्च, 2021 को साल 2023 को अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष के रूप में घोषित किया था।