Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 12 Nov 2021 4:53 pm IST


आपदा के बाद पटरी पर आने लगा नैनीताल का पर्यटक सीजन


नैनीताल। अक्तूबर की दैवी आपदा के बाद पर्यटन कारोबार अब धीरे धीरे पटरी पर लौटने लगा है। नैनीताल समेत आसपास के पर्यटक स्थलों में सैलानियों की चहल पहल फिर से नजर आने लगी है। इससे जहां एक ओर पर्यटन कारोबारियों में नई आस जगी है वहीं दूसरी ओर इस व्यवसाय से जुड़े छोटे कारोबारियों की मेहनत भी रंग लाती नजर आ रही है। कारोबारियों का मानना है कि निकट भविष्य में नैनीताल में फिर से पर्यटक सीजन अपने पुराने रूप में नजर आने लगेगा। बता दें कि 18 अक्तूबर और 19 अक्तूबर को कुमाऊं मंडल में घंटों तक हुई अतिवृष्टि ने जमकर तबाही मचाई थी। जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकांश सड़कें भूस्खलन के चलते बंद हो गई थीं। नदियां उफान पर थीं। भूस्खलन के कारण कई घर जमीदोंज हो गए, जिसमें अकेले नैनीताल जिले में 30 से अधिक लोगों की मौत हुई थीं।