Read in App


• Thu, 13 May 2021 9:08 am IST


कीर्तिमान : पुणे के जितेंद्र ने फतह किया माउंट एवरेस्ट


पुणे के पर्वतारोही जितेंद्र गवारे ने बुधवार को विश्व के सर्वोच्च शिखर माउंट एवरेस्ट को फतह कर नया कीर्तिमान बनाया है। इससे पहले उन्होंने विश्व के 10वें सबसे ऊंचे पर्वत अन्नपूर्णा को फतह किया था। उसके बाद 25 दिन की लगातार चढ़ाई में वह माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचे और तिरंगा लहराया। महाराष्ट्र में पुणे के वडगांव शेरी के मूल निवासी जितेंद्र गवारे (42) ने बुधवार की सुबह करीब सात बजे माउंट एवरेस्ट की चोटी को छुआ।


पर्वतारोही गवारे 16 अप्रैल को माउंट अन्नपूर्णा-1 शिखर की चोटी पर पहुंचे थे। इस पर्वत की ऊंचाई 8091 मीटर है। इससे पहले मुंबई के केवल कक्का को एक महीने में दोनों शिखर पर चढ़ाई करने का कीर्तिमान हासिल है। गिरि प्रेमी संस्था के नेता उमेश झिरपे ने जितेंद्र की इस कामयाबी के लिए उनको बधाई दी है।


झिरपे ने बताया कि जितेंद्र ने लेह में जिग्मेट और शेरपा के साथ माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचे। पुणे के एवरेस्ट विजेता गणेश मोरे, पर्वतारोही विवेक शिवदे और सावित्रीबाई फुले विश्वविद्यालय पुणे के प्रा. डॉ. अविनाश कांदेकर ने जितेंद्र को मौसम की सटीक जानकारी दी। वहीं, उमेश झिरपे, एवरेस्ट विजेता भूषण हर्षे और सुमित मांदले ने उनका मार्गदर्शन किया।