Read in App

Rajesh Sharma
• Fri, 24 Dec 2021 9:46 am IST


वन संरक्षक से मिले आंदोलनकारी कर्मचारी


हरिद्वार। प्रभागीय वनाधिकारी के खिलाफ वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा जारी कार्यबहिष्कार के 11वें दिन मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल सुशांत पटनायक और कंजर्वेटर शिवालिक वृत्त डीके सिंह ने हरिद्वार पहुंचकर वन कर्मियों से पूछताछ की। पूछताछ के बाद वन कर्मियों ने दोनों ही अधिकारियों पर दबाव बनाकर अनावश्यक प्रसन्न पूछे का आरोप लगाया और डीएफओ का ट्रांसफर होने तक कार्यबहिष्कार जारी रखने का निर्णय लिया। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल सुशांत पटनायक और कंजर्वेटर शिवालिक डीके सिंह डीएफओ कार्यालय हरिद्वार पहुंचे। वन विभाग के दोनों ही बड़े अधिकारियों ने डीएफओ पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर सभी कर्मचारियों से एक-एक कर पूछताछ की। पूछताछ के बाद वन कर्मियों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने अनावश्यक प्रश्न पूछकर कर्मचारियों पर दबाव बनाने की कोशिश की है। लेकिन कर्मचारी किसी के दबाव में आने वाले नहीं हैं। उत्तरांचल फॉरेस्ट मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष दीप चंद्र पांडे से वार्ता के बाद कर्मचारियों ने अपना कार्य बहिष्कार डीएफओ के ट्रांसफर किए जाने तक जारी रखने की मांग को दोहराया और नारेबाजी की। इस अवसर पर एसएन शर्मा, शेखर चंद्र जोशी, राजवीर सिंह, हरीश भट्ट, रणबीर सिंह, नरेंद्र कुमार, संजय सागर, राम कुमार वर्मा, दीपक नेगी, पंकज सैनी आदि मौजूद थे।