Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 5 Aug 2022 3:00 am IST

अपराध

झारखंड : गुमला में 2013 के चर्चित डायन-बिसाही हत्याकांड में बड़ा फैसला, 19 महिलाओं को उम्रकैद, 25 हजार जुर्माना...


झारखंड के गुमला में 2013 के चर्चित डायन-बिसाही हत्याकांड में बड़ा फैसला आया है। अदालत ने इस मामले में 19 महिलाओं को दोषी करार दिया है। सभी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। 

अदालत ने सभी आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। अदालत का फरमान है कि, जुर्माना न देने पर 2 साल की अतिरिक्त सजा काटनी होगी। यह फैसला सिविल कोर्ट के एडीजे-1 दुर्गेशचंद्र अवस्थी की अदालत ने सुनाया है। 

बता दें कि, गुमला में 11 जून, 2013 को करंज थाना क्षेत्र के करौंदाजोर टूकूटोली में 2 महिलाओं की डायन-बिसाही के आरोप में हत्या कर दी गई थी। जानकारी के मुताबिक, गांव में एक युवक की मौत हो गई थी। इसके बाद एक बैठक बुलाई गई। इस बैठक में टूकूटोली निवासी बेरजनिया इंदवार और एगनेसिया एंदवार भी शामिल हुईं। इन दोनों को डायन करार देते हुए, लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार दिया था। 19 महिलाओं ने दोनों महिलाओं की हत्या कर दी थी। इसके बाद बेरजनिया की पुत्री सेलेस्टीन ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। 

पुलिस ने हत्याकांड के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद सभी आरोपी न्यायिक जमानत पर बाहर आ गए। हालांकि, दोषी करार दिए जाने के बाद सभी को फिर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।