चंपावत। पुलिस ने चेकिंग के दौरान बुडम में हरियाणा निवासी युवक को 11.200 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया। तस्करी में शामिल तीन लोग फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया है।रीठा साहिब के थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को बुडम चौकी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने रोहतक (हरियाणा) के महम थाने के एचएनओ 624 निंदाना निवासी बाइक सवार साहिल नेहरा (22) को रोका। उसके पास से 11.2 किलो चरस मिली। इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं तस्कर से आगे रेकी कर चल रहे दो अन्य लोग भी भागने में सफल रहे। तीनों आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं। पुलिस ने साहिल के खिलाफ रीठा साहिब थाने में धारा 8/20 और 29/60 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज बाइक को सीज कर दिया है।
एसपी अजय गणपति का कहना है कि साहिल नेहरा रोहतक के सुनरिया थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में तीन साल तक जेल में रह चुका है। पुलिस अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। फरार आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। - अजय गणपति, एसपी