Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 7 Dec 2022 3:50 pm IST

राजनीति

UP Nikay Chunav 2022: सीएम संवाद से साध रहे हैं ट्रिपल इंजन की सरकार का लक्ष्य


नगर निकायों के चुनावों में प्रबुद्ध सम्मेलन को योगी ने बनया सबसे प्रभावी हथियार

लखनऊ: नगर निकाय के चुनावों के लिए पिछले दिनों आरक्षण की घोषणा हो चुकी है। जल्‍द ही इस संबंध अधिसूचना भी जारी हो जाएगी। केंद्र एवं प्रदेश की तरह नगर निकायों में भी भाजपा की सरकार हो यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है। वह नगर निकायों को सरकार का तीसरा इंजन मानते हैं। उनके मुताबिक, अगर तीसरा इंजन भी अपना हो तो विकास की गति और तेज हो जाएगी। तेज विकास गति उत्तर प्रदेश की जरूरत है, क्‍योंकि शहर ही मौजूदा समय में विकास की धुरी है। लिहाजा इनका विकास जरूरी है, इसीलिए आज कल वह लगातार ट्रिपल इंजन सरकार की बात कर रहे हैं।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 17 नगर निगम, लगभग 200 नगर पालिका परिषद और 500 नगर पंचायतें हैं। सरकार का इरादा इस बार क्लीन स्वीप का है। खासकर 17 नगर निगमों पर। नगर निकाय के पिछले (2017) चुनावों में अलीगढ़ एवं मेरठ को छोड़ बाकी सभी नगर निगम के चुनाव भाजपा के पक्ष में आये थे। चूंकि, इस बार इरादा क्लीन स्वीप का है। लिहाजा सरकार और संगठन ने पूरी ताकत इन चुनावों में झोंक दी है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए संवाद को अपना मुख्य हथियार बनाया है।

इन जिलों में हो चुका प्रबुद्ध सम्‍मेलन

बतौर मुख्यमंत्री संवाद लोगों से जुड़ने और समस्यायों के समाधान का सबसे बड़ा जरिया है। किसी समस्या के गंभीर होने से पहले अगर उस पर संबंधित लोगों से संवाद हो जाय तो वह समस्या हल हो सकती है। वह इस बात को कई बार सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं। यह उनके खुद का आजमाया हुआ बेहद सफल  नुस्खा है। लिहाजा नगर निकाय के चुनावों में भी वह इसे आजमा रहे हैं। प्रबुद्धजन सम्मेलन इसी की एक कड़ी है। इस क्रम में अब तक मुख्यमंत्री सहारनपुर,, गाजियाबाद, झांसी, प्रयागराज, अलीगढ़, आगरा, फिरोजाबाद, मेरठमुरादाबाद, गोरखपुर लखनऊ में प्रबुद्ध सम्मेलन कर चुके हैं। आज सहारनपुर में कर रहे हैं। वह जहां भी जा रहे लोगों से संवाद के साथ विकास की भी सौगात भी दे रहे हैं।

गौरतलब है कि इन चुनावों में सड़क, पानी, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं ही प्रमुख मुद्दा होती हैं। यही वजह है कि नगरीय सुविधाओं में इजाफा करने के लिए सरकार भरपूर धन भी उपलब्ध करा रही है। 33 हजार 700 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट में नई योजनाओं पर 14 हजार करोड़ रुपये खर्च का प्रावधान है। इसमें से अधिकांश रकम सड़क निर्माण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर करने में खर्च होगी।