रुद्रप्रयाग। उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी मुक्ता मिश्र ने गुरुवार को जनपद का एक दिवसीय भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने अगस्त्यमुनि क्रीड़ा हाल में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया और यहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे का भी निरीक्षण किया।उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्ट्रांगरूम का निरीक्षण करते हुए यहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता एवं संवेदनशीलता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में कोई लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने नोडल अधिकारी कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरे के संचालन के संबंध में जानकारी ली। निर्देश दिए हैं कि यदि कोई सीसीटीवी कैमरा कार्य नहीं कर रहा है या खराब हो जाता है तो इसकी जानकारी तत्काल उच्च अधिकारियों को दी जाए ताकि संबंधित सीसीटीवी कैमरे को तत्काल ठीक किया जा सके। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने सीसीटीवी रूम में रखी पंजिकाओं का भी अवलोकन भी किया। उन्होंने लोकसभा सामान्य निर्वाचन की मतगणना का कार्य पारदर्शिता के साथ संपन्न कराए जाने के लिए दोनों विधानसभा के लिए तैयार किए जा रहे मतगणना हाल का निरीक्षण किया। उन्होंने सहायक रिटर्निंग अधिकारी उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि मतगणना से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार कर ली जाए। इस मौक पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी उप जिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल ने मतगणना के संबंध में तैयारियों की जानकारी दी।