अल्मोड़ा :शनिवार को सल्ट विधानसभा क्षेत्र के स्याल्दे में आयोजित सभा में कांग्रेस नेता व राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा का डबल इंजन अब सीज हो चुका है। केंद्र में पिछले आठ साल से और प्रदेश में पांच साल से भाजपा की सरकार है। राज्य में इन पांच साल में सिर्फ तीन मुख्यमंत्री बदलने का काम किया गया। विकास के नाम पर जनता को कुछ नहीं मिला। प्रदेश के लोग विकास की मुख्यधारा से लगातार कटते रहे। कहा कि आज किसान सड़कों में हैं, बेरोजगार आंदोलन कर रहे हैं। महंगाई की मार से जनता त्रस्त है। आंदोलन करने वालों को जेल में डाला जा रहा है। किसानों की बर्बरतापूर्ण हत्या हुई। डबल इंजन की सरकार की सारी नीतियां फेल हो चुकी है। आज पांच राच्यों में चुनाव हो रहा है। सब जगह बदलाव की हवा है। लोग बदलाव चाह रहे हैं और इस बार बदलाव होकर रहेगा। उन्होंने कहा कि सल्ट के कांग्रेस प्रत्याशी रणजीत रावत खुद को नौसिखिया कह कह रहे हैं। मगर हैं बहुत ही अनुभवी। चार धाम-चार काम का वादा पूरा किया जाएगा। प्राथमिकता से बेरोजगारों को रोजगार दिया जाएगा। कांग्रेस ही विकास कर सकती है। डबल इंजन की सरकार जुमले के अलावा कुछ नहीं जानती।