Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 11 Dec 2022 2:06 pm IST

राजनीति

सुखविंदर सिंह सुक्‍खू ने ली हिमाचल के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ, मुकेश अग्निहोत्री बने डिप्‍टी CM


शिमला: सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को हिमाचल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस दौरान कांग्रेस के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, AICC महासचिव रणदीव सुरजेवाला समेत कई वरिष्‍ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी कांग्रेस विधायकों के साथ सुक्खू ने मंच से समर्थकों का अभिवादन किया।

आज रिज मैदान में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने सुक्‍खू को सीएम तो वहीं, मुकेश अग्निहोत्री को उप मुख्‍यमंत्री यानी डिप्‍टी CM पद की शपथ दिलाई। इस दौरान प्रियंका गांधी ने सीएम पद की दावेदार रहीं प्रतिभा सिंह को अपने बगल में बैठाया।


प्रियंका गांधी बोलीं- हम खुश हैं

इससे पूर्व शिमला में प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने राहुल गांधी से कहा कि हमने वादा किया था कि हम हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को वापस लाएंगे। इस पर राहुल गांधी ने कहा- बधाई हो। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हम बहुत खुश हैं। इसके अलावा कांग्रेस के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, AICC महासचिव रणदीव सुरजेवाला और राज्यसभा सांसद नासिर हुसैन भी शमिला पहुंचे हैं।


गहलोत और पायलट ने कही ये बात  

इनके अलावा कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि मुझे विश्वास है कि सुक्खू कांग्रेस द्वारा किए गए सभी वादों को पूरा करने में सक्षम होंगे। उन्‍होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने हमेशा कांग्रेस का साथ दिया है और हम सब मिलकर प्रदेश के विकास के लिए काम करेंगे। राजस्थान सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि यह कांग्रेस के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए एक नई शुरुआत है। बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ राहुल गांधी की यात्रा हिमाचल से और मजबूत होगी।


इससे पहले सुबह-सुबह सुक्खू स्‍वयं प्रतिभा सिंह को शपथ समारोह का न्यौता देने पहुंचे। उन्‍होंने कहा कि मेरे लिए पार्टी पहले है, फिर मुख्यमंत्री बाद में। प्रतिभा सिंह मेरी आदर्श हैं। वहीं, प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल में एक स्थिर सरकार बनेगी। हम एकजुट होकर काम करेंगे। बता दें कि पहले प्रतिभा सिंह को मुख्यमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा था। वे सुक्खू के नाम से नाराज भी बताई जा रही थीं। हालांकि, सुक्खू से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह का मंत्री बनाना ऑलमोस्ट तय है।