Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 10 Oct 2021 7:30 am IST


केंद्रीय राज्यमंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा- हर घर नल, हर घर जल का लक्ष्य 2022 तक होगा पूरा


देहरादून। केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा कि वर्ष 2022 तक हर घर तक पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड इस दिशा में काफी तेजी से काम कर रहा है। यहां अभी तक 47 प्रतिशत घरों तक पानी पहुंचाया जा चुका है। लक्ष्य समय से पूरा हो, इसके लिए पेयजल निगम व जल जीवन मिशन से जुड़े कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखने और टेंडर प्रक्रिया को जारी रखने के लिए निर्वाचन आयोग से अनुरोध किया जाएगा। यह भी कहा जाएगा कि सर्वदलीय बैठक में इस मसले को रखा जाए। उन्होंने कहा कि गांवों को खुले में शौचालय मुक्त (ओडीएफ) की प्लस टू श्रेणी में भी उत्तराखंड का प्रदर्शन काफी अच्छा है।

शनिवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री ने कहा कि देश में इस समय असंभव से दिखने वाले काम समय सीमा के भीतर संभव हो गए हैं। जिन परियोजनाओं पर काम चल रहा है, वे भी समय के साथ पूरी कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त, 2019 में जल जीवन मिशन घोषित हुआ था, उस समय उत्तराखंड में आठ प्रतिशत घरों में नल के जरिये पेयजल आता था। आज यह 47 प्रतिशत पहुंच गया है। इस रफ्तार से 2022 में यहां भी लक्ष्य पूरा हो जाएगा।