Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 14 Jul 2022 4:54 pm IST


कांग्रेस का विधायक होने के कारण जसपुर की उपेक्षा कर रही भाजपा: रावत


 पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने धामी सरकार पर आरोप लगाया कि जसपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी का विधायक होने के कारण विकास कार्यों में उपेक्षा की जा रही है।

बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने सुभाष चौक के निकट प्रेसवार्ता में कहा कि भाजपा सरकार जसपुर विधानसभा क्षेत्र की विकास कार्यों में घोर उपेक्षा कर रही है। मुख्यमंत्री रहते उन्होंने खेल स्टेडियम, रोडवेज बस अड्डे का निर्माण, टेक्सटाइल पार्क निर्माण सहित अनेक कार्य कराने की घोषणा कर विकास कार्यों की शुरुआत की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की प्रदेश सरकार ने विधानसभा क्षेत्र के सभी विकास कार्यों को खत्म कर दिया है।

रावत ने कहा कि डॉ. एमपी सिंह अस्पताल के सामने गड्ढायुक्त सड़क को सही करने के लिए उनकी ओर से दो बार धान रोपाई की गई थी लेकिन भाजपा सरकार ने अफजलगढ़ रोड और नादेही रोड को जोड़ने वाली एक किमी सड़क का अब तक निर्माण नहीं कराया। भाजपा महाराष्ट्र, अरुणाचल, मणिपुर, सिक्किम आदि में विधायकों की खरीद-फरोख्त कर लोकतंत्र को कमजोर कर रही है।
उन्होंने कहा कि अभी दो-तीन टोटके और करने वाले हैं। धामी सरकार के 100 दिन पूरे हुए हैं जो किसी भी मुख्यमंत्री के लिए पर्याप्त नहीं है। कांग्रेस पार्टी विकास योजनाओं की समीक्षा करेगी। सरकार की कमियों को जनता के सामने उठाएगी। उन्होंने कहा कि हरक सिंह रावत और महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की व्यक्तिगत मुलाकात थी। इसके राजनीतिक निहितार्थ नहीं निकाले जाने चाहिए।