Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 20 Sep 2022 5:20 pm IST


डबरकोट के पास मलबा आने से यमुनोत्री हाईवे बंद, जानिए गंगोत्री हाईवे का हाल


उत्तरकाशी : बारिश के कारण यमुनोत्री हाईवे एक बार फिर डबरकोट के पास मलबा आने से आवाजाही के लिए बंद हो गया है। यमुनोत्री हाईवे बंद होने से मार्ग के दोनों ओर सैकड़ों यात्री फंसे हैं। वहीं गंगोत्री हाईवे पर हेलगूगाड के पास बीती देर शाम यातायात बहाल कर दिया गया।यमुनोत्री हाईवे पर मंगलवार को सुबह कई जगहों पर यातायात ठप रहा। लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन होने से हाईवे के बंद होने का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार सुबह यमुनोत्री हाईवे डबरकोट और सिलाई बैंड के पास पहाड़ी से बोल्डर गिरने के कारण अवरूद्ध हो गया था। हालांकि एनएच बड़कोट की ओर से इन जगहों पर दो से तीन घंटे के भीतर मार्ग को खोल दिया गया। लेकिन दोपहर बाद यमुनोत्री हाईवे पर डबरकोट के पास फिर से भूस्खलन के कारण हाईवे पर आवाजाही ठप हो गई। खबर लिखे जाने तक भारी बारिश के कारण डबरकोट में मार्ग खोलने का काम शुरू नहीं हो सका। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि बारिश बंद होने पर हाईवे को खोलने का कार्य शुरू किया जाएगा। इस कारण मार्ग के दोनों ओर सैकड़ों यात्री फंसे हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि बारिश जैसे ही रूकेगी, हाईवे को जल्द से जल्द खोलने का प्रयास किया जाएगा। जबकि गंगोत्री हाईवे पर यातायात निर्बाध रूप से जारी है।