क्षेत्र की महिलाओं ने बदहाल संचार सेवा को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा देश में संचार क्रांति की बात हो रही है। बावजूद इसके सीमांत जनपद में यह दावे खोखले साबित हो रहे हैं। पड़ोसी देश नेपाल में संचार सेवा बेहतर है और भारत में रामभरोसे। कहा सीमा से सटे क्षेत्रों के लोग नेपाली सिम के भरोसे हाय-हैलो करने को मजबूर हैं।
बुधवार को भारत-नेपाल सीमा से सटे तड़ीगांव की महिलाओं ने रमेश चंद के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा मौसम खराब होते ही सीमा क्षेत्र में संचार सेवा ठप हो जाती है। आए दिन उन्हें इस तरह की दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके व्यवस्था में सुधार के प्रयास नहीं हो रहे। कहा पड़ोसी देश नेपाल में संचार सेवा भारत से कई गुना बेहतर है। इससे उलट देश में संचार क्रांति के खोखले दावे किए जा रहे हैं। कहा संचार सेवा ठप रहने से सीमा क्षेत्र के लोग नेपाली सिम का प्रयोग करने को मजबूर हैं, जो भारतीय संचार व्यवस्था पर बढ़ा प्रश्नचिन्ह है। इस दौरान महिलाओं ने शीघ्र संचार सेवा दुरुस्त करने की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। चेतावनी देते हुए कहा शीघ्र व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो वे सड़कों पर उतरेंगे।