Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 16 Sep 2024 5:05 pm IST


मौसम में सुधार होते ही यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, 8460 श्रद्धालु पहुंचे केदारनाथ धाम


मौसम में सुधार होते ही केदारनाथ पैदल यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को पैदल मार्ग से 8460 यात्रियों ने केदारनाथ के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान 4084 श्रद्धालु दर्शन कर लौट भी आए। सोनप्रयाग भूस्खलन जोन में एसडीआरएफ के जवानों ने यात्रियों को रास्ता पार कराया। साथ ही जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने गौरीकुंड से लिनचोली तक पैदल मार्ग का जायजा लेते हुए यात्रियों से बातचीत भी की।

रविवार को सुबह से ही सोनप्रयाग में यात्रियों की भीड़ जुटने लगी थी। सुहावने मौसम के बीच सुबह 5 बजे से यात्रियों को धाम के लिए छोड़ा गया। सुबह 8 बजे तक तीन हजार श्रद्धालुओं ने सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार भी यात्रियों के साथ पैदल चलते हुए लिनचोली पहुंचे।

उन्होंने गौरीकुंड से लिनचोली तक रास्ते के सभी संवेदनशील स्थानों का जायजा लेते हुए संवेदनशील स्थानों में बुजुर्ग यात्रियों को रास्ता पार भी कराया। साथ ही यात्रियों को समूह में चलने की सलाह दी, जिससे किसी भी मुसीबत में वह एक-दूसरे की मदद कर सके। डीडीएमओ ने बताया कि रास्ते के सुधारीकरण का कार्य जोरों पर चल रहा है।

 
4084 श्रद्धालु पैदल मार्ग से वापस सोनप्रयाग लौट चुके
मजदूरों के द्वारा रास्ते को पर्याप्त चौड़ा करने के लिए पुश्ता निर्माण किया जा रहा है। इधर, सोनप्रयाग सेक्टर मजिस्ट्रेट राकेश सिंह ने बताया कि कुल 8460 यात्री केदारनाथ के लिए रवाना हुए, जिसमें 65 फीसदी शाम तक धाम पहुंच चुके थे। दूसरी तरफ बाबा केदार के दर्शन कर 4084 श्रद्धालु पैदल मार्ग से वापस सोनप्रयाग लौट चुके हैं।

बदरीनाथ धाम में उमड़े श्रद्धालु
बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है। रविवार को 8287 श्रद्धालुओं ने बदरी विशाल के दर्शन किए। अभी तक 969815 श्रद्धालु बदरीनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। बदरीनाथ हाईवे जगह-जगह बाधित होने के बावजूद श्रद्धालुओं का धाम में पहुंचने का सिलसिला जारी है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद अब धाम में मौसम सुहावना हो गया है। श्रद्धालु प्राकृतिक सौंदर्य का भी लुत्फ उठा रहे हैं।