Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 17 Mar 2022 12:01 pm IST


हर्बल रंग से खेलें होली, बरकरार रहेगा त्वचा का निखार


केमिकल रंग से होली खेलने पर त्वचा में एक्ने, एलर्जी या फिर जलन की समस्या हो सकती है। वहीं हर्बल रंग से होली खेलने पर आपकी त्वचा का निखार बना रहता है। तो देर किस बात की आइए जानते हैं कैसे बनाएं घर पर ही हर्बल रंग-

हरा रंग- हरे रंग का गुलाल बनाने के लिए सबसे पहले नीम की पत्तियों को सुखाकर पीसने के बाद उसका पाउडर या पेस्ट बना लें। नीम का उपयोग त्वचा के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। नीम में एंटीबैक्टीरियल और एंटीएलर्जिक गुण पाए जाते हैं जो पिंपल्स, एक्ने जैसी समस्याओं से भी निजात पाने में मदद करेंगे। नीम के अलावा पालक को सुखाकर भी हरा रंग बनाया जा सकता है।  

ऑरेंज रंग- ऑरेंज रंग बनाने के लिए आप पलाश के फूलों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए होली से एक दिन पहले रात को पानी में खूब सारे पलाश के फूल डाल दें। सुबह पानी से फूल निकाल दें। हेली के लिए आपका ऑरेंज रंग बनकर तैयार है। 

गुलाबी और लाल रंग- गुलाबी या फिर लाल रंग के लिए आप चुकंदर का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आप गहरा गुलाबी गुलाल चाहते हैं तो चुकंदर को सुखाकर पीसकर उसका पाउडर बना लें। इसके अलावा लाल रंग के लिए चुकंदर को पीसकर पानी में उबालने से आपको लाल रंग मिल जाएगा।