Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 29 Nov 2021 6:28 pm IST


प्रदेश के बजाय अपना सिस्टम सुधार रही भाजपा-कांग्रेस


आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी कर्नल अजय कोठियाल ने बदरीनाथ विधानसभा में जोशीमठ और गोपेश्वर में जनसभा आयोजित की। कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि बीस साल तक भाजपा और कांग्रेस ने उत्तराखंड राज्य को बारी-बारी से लूटा है। प्रदेश के बजाय दोनों पार्टियों ने अपना सिस्टम सुधारने पर जोर दिया। कर्नल अजय कोठियाल दोपहर में जोशीमठ पहुंचे। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और नगर में रैली निकाली। कर्नल कोठियाल ने नृसिंह मंदिर के दर्शन किए। इसके बाद टैक्सी स्टेंड पर आयोजित हुई रैली में कर्नल कोठियाल भाजपा और कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि यदि हमने युवाओं और महिलाओं की ताकत को समझ लिया और उनका समर्थन हासिल कर लिया, तो हमें उत्तराखंड में प्रतिनिधित्व करने से कोई नहीं रोक सकता है। जैसे हमने तीन साल के भीतर केदारनाथ को संवारने का काम किया है, उसी प्रकार उत्तराखंड को भी संवारने का काम किया जाएगा। शाम करीब पांच बजे गोपेश्वर में रैली के बाद कर्नल कोठियाल की जनसभा आयोजित हुई। उन्होंने कहा कि आज भी चमोली जनपद के गांवों में सड़कें बदहाल पड़ी हैं। स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव बना है, विकास के लिए जनता सरकार की ओर से ताक रही है। लेकिन सरकार सिर्फ अपने विकास पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि इस बार जनता दोनों पार्टियों को सबक सिखाएगी।