Read in App


• Sun, 4 Jul 2021 8:01 pm IST


पुष्कर सिंह धामी सरकार मध्य हरिद्वार क्षेत्र का जलवा बरकरार


भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और दो मंत्री रहते हैं अगल-बगल
राजेश शर्मा
 हरिद्वार। राज्य में युवा तुर्क पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नई सरकार की ताजपोशी हो गई है। मुख्यमंत्री के साथ ही 11 मंत्रियों ने भी रविवार की शाम राजभवन में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस मंत्रिमंडल में वैसे तो मुख्यमंत्री के अलावा कुछ नया नहीं है लेकिन हरिद्वार का मध्य हरिद्वार इलाका प्रदेश के नए हैवीवेट सेंटर के रूप में फिर स्थापित हो गया है।
 गौरतलब है कि इस समय हरिद्वार के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। उनका निवास खन्ना नगर में स्थित है। राजनीतिक रूप से मार्च से पहले तक खन्ना नगर स्थित मदन कौशिक का आवास एवं कार्यालय शहर में सबसे बड़ा पावर सेंटर था क्योंकि त्रिवेंद्र रावत सरकार में मदन कौशिक दूसरे नंबर के हेवीवेट राजनेता की हैसियत रखते थे। त्रिवेंद्र रावत की मुख्यमंत्री पद से विदाई और तीरथ सिंह रावत की ताजपोशी होते ही मदन कौशिक सत्ता से हटकर संगठन के शिखर पर जा बैठे। जाहिर है कि उनका जलवा लगातार कायम है अब तीरथ सिंह रावत भी चले गए। मदन कौशिक प्रदेश अध्यक्ष पद पर कायम हैं। उनके घर की दीवार कैबिनेट मंत्री और आध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज के आश्रम से मिली हुई है, इसलिए दोनों हैवीवेट राजनेता करीबी पड़ोसी हैं जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सबसे निकट के विधायक स्वामी यतिस्वरानंद भी धामी के मंत्रिमंडल में स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्री हैं। उनका आश्रम भी खन्ना नगर से बमुश्किल 500 मीटर की दूरी पर है। इन तीनों ही नेताओं के महत्वपूर्ण पदों पर आसीन होने से तीरथ रावत सरकार की तरह पुष्कर सिंह धामी की सरकार में भी मध्य हरिद्वार क्षेत्र राजधानी देहरादून के बाद सबसे प्रभावशाली क्षेत्र के रूप में स्थापित है। राज्यमंत्री स्वामी यतीश्वरानंद का कहना है कि नई सरकार नाम जनता के प्रति पूरी जवाबदेही और जन सरोकारों के मुद्दों को लेकर काम करेगी। उन्होंने पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार को उत्तराखंड के विकास का नया दौर बताया।