Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 11 Mar 2022 12:00 pm IST


प्रथम विश्व युद्ध के नायक गबर सिंह को दी श्रद्धांजलि


प्रथम विश्व युद्ध के नायक शहीद गबर सिंह नेगी की पुण्यतिथि पर सेना के जवानों, पूर्व सैनिकों व नगर के वरिष्ठ नागरिकों ने चंबा स्थित उनके स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।शहीद गबर सिंह नेगी की पुण्यतिथि के मौके पर गुरुवार को सुबह करीब दस बजे शहीद के पैतृक गांव मंजूड़ के ग्रामीण व बलिदानी के स्वजन स्मारक पर पहुंचे और उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। उसके बाद सेंटर से आए द्वितीय गढ़वाल राइफल्स के जवानों ने सूबेदार आशीष सिंह नेगी के नेतृत्व में बलिदानी के स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित किए। सूबेदार आशीष सिंह नेगी ने कहा कि सेना के जवान बलिदानी गबर सिंह नेगी के जीवन से प्रेरणा लेते रहे हैं और भर्ती होने के समय देश पर मर मिटने की शपथ उनकी मूर्ति के सामने लेते हैं इसलिए वह हम सबके गौरव हैं। वहीं पूर्व सैनिक संगठन के संरक्षक इंद्र सिंह नेगी ने कहा कि बलिदानी गबर सिंह नेगी ने भारतीय सेना का मान विश्व स्तर पर बढ़ाया है, इसलिए हमें उनकी पुण्यतिथि व जन्मतिथि के मौके पर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम करने चाहिए। नगर पालिका अध्यक्ष सुमन रमोला, ने भी बलिदानी को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर व साहित्यकार सोमवारी लाल सकलानी निशांत ने बलिदानी के जीवन पर देशभक्ति की कविता प्रस्तुत की। इस मौके पर द्वितीय गढ़वाल राइफल के जवान प्रशांत राणा, सर्वानंद मैठाणी, सेवानिवृत्त कैप्टन आनंद सिंह नेगी, विक्रम सिंह भंडारी, कमल सिंह नेगी, प्रधान कुसुम नेगी, सोबन सिंह सजवाण, विक्रम सिंह राणा, मातबर सिंह पुंडीर आज पूर्व सैनिक व नगर के गणमान्य लोग मौजूद थे।