Read in App


• Wed, 17 Jul 2024 3:49 pm IST


सुंदरढूंगा में मां भगवती आनंदेश्वरी का मंदिर बनकर तैयार, शुभारंभ के लिए CM को किया आमंत्रित


बागेश्वर : सुंदरढूंगा में 15 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित देवी कुंड में मां भगवती आनंदेश्वरी का मंदिर बनकर तैयार हो गया है। भक्तों ने मंदिर का चित्र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेंट किया। उन्होंने मंदिर का शुभारंभ करने के लिए हुए आमंत्रित किया। क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित करने की मांग की।

देवीकुंड धाम मंदिर तथा दिव्य स्वास्तिक पर्वत का चित्र भक्तों ने देहरादून जाकर मुख्यमंत्री को प्रदान किया। मंदिर निर्माण समिति के व्यवस्थापक गिरीश परिहार ने कहा कि देवीकुंड में मां भगवती आनंदेश्वरी का भव्य और दिव्य मंदिर बन गया है। मंदिर शुभारंभ के दिन दिव्य स्वास्तिक पर्वत भी दिखाई दिया। यह क्षेत्र की खुशहाली का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बाल योगी चैतन्याकाश महाराज की कड़ी मेहनत का फल मिला है। उन्होंने सुंदरढूंगा घाटी को धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित करने की मांग की। इस दौरान विधायक कपकोट सुरेश गढ़िया, दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट भी उपस्थित थे। उन्होंने देवीकुंड की दिव्यता से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। इधर, स्वामी चैतन्याकाश ने कहा कि पिंडर घाटी के कण-कण में मां भगवती का वास है। उनकी आज्ञा से ही मंदिर बना है। अष्टधातु की मूर्ति स्थापित होगी। क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित होगा। जिसका स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मंदिर समिति ट्रैकिंग करने वालों के लिए भी देवीकुंड की तरफ जाने को लेकर नियम बना रही है। वहां गंदगी करने वालों को नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर का शुभारंभ 18 अक्टूबर तक होगा।