Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 17 Feb 2022 6:28 pm IST

जन-समस्या

सीट के लिए चलती बस में चढ़ने लगे यात्री


जिला मुख्यालय में लंबी दूरी के लिए कम बसों का संचालन होने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रोडवेज स्टेशन में बसों में सीटों के लिए मारामारी देखी जा रही है। बुधवार को जैसे ही बसें स्टेशन पहुंचीं यात्री चलती बसों में चढ़ने लगे। जिन्हें सीटें मिली, उन्होंने तो राहत की सांस ली, जबकि अन्य ने टैक्सी से सफर किया।

बुधवार को रोडवेज स्टेशन में सुबह से ही यात्रियों की भीड़ देखने को मिली। लोग दिल्ली, देहरादून, हरिद्वार जाने के लिए घंटों से इंतजार करते नजर आए। रोडवेज स्टेशन में करीब 9.36 बजे झूलाघाट से दिल्ली जाने वाली बस पहुंची। बस दिखते ही क्या बच्चे, क्या बूढ़े और क्या जवान, सभी में चलती बस में सीट पाने के लिए होड़ मच गई। हर कोई बस में सीट के लिए जद्दोजहद करता नजर आया। ऐसा ही हाल साढ़े दस बजे भी नजर आया। बस के स्टेशन के मुख्य गेट तक पहुंचते ही यात्रियों की भीड़ चलती बस में सीट के लिए दौड़ पड़ी। सब एक साथ बसों में घुसने का प्रयास करने लगे। हर वर्ग का व्यक्ति सीट पाने के लिए बेताब नजर आया। इस दौरान कई यात्री टैक्सी वाहनों से भी गए।