Read in App


• Sat, 2 Dec 2023 7:00 pm IST


रबी की फसल पर संकट गहराया, काश्तकार परेशान


अल्मोड़ा। उत्तराखंड में मौसम लगातार बदल रहा है। इस बदलते मौसम की मार किसानों को झेलनी पड़ रही है। अक्टूबर माह में वर्षा नहीं होने तथा नवंबर में आंशिक तौर पर कुछ ही स्थानों पर वर्षा होने से चार प्रतिशत रबी की फसल पर असर पड़ा है। खेतों में पर्याप्त तौर पर गेहूं, जौ व अन्य फसलें समान रूप से नहीं उग पाई हैं। इसका असर फसल उत्पादन पर पड़ने की संभावना है।जिले में 22,302 हेक्टेयर क्षेत्रफल में रबी फसल की बुआई की गई है। बीते दो माह से बारिश नहीं होने से काश्तकारों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई थी। खासकर नवंबर में गेहूं, जौ आदि की बुआई के बाद तो जिले के कुछ ही क्षेत्रों में आंशिक तौर पर वर्षा हुई। इससे कुछ नमी वाले इलाकों में गेहूं उगा तथा अन्य क्षेत्रों में गेहूं व जौ व अन्य फसलें आधी- अधूरी ही उग पाई।

वर्षा नहीं होने से गेहूं व जौ की पौध पीली पड़ने लगी है। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार रबी की फसल को बोआई के बाद दिसंबर माह तक कम से कम 40 मिलीमीटर वर्षा की आवश्यकता होती है। मगर इस बार ऐसा नहीं हो पाया। इस बार नवंबर माह में अल्मोड़ा व इसके आसपास के कुछ क्षेत्रों में 16 मिलीमीटर वर्षा हो पाई।