Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 29 Apr 2022 5:31 pm IST


महायज्ञ में उमड़ रहा भक्तों का सैलाब


रुद्रप्रयाग: भगवान तुंगनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल मर्कटेश्वर तीर्थ मक्कूमठ में श्री बद्रीनाथ केदारनाथ मन्दिर समिति व ग्राम पंचायत मक्कूमठ तथा पावजगपुड़ा के संयुक्त सहयोग से 18 वर्षों बाद आयोजित महायज्ञ व महा शिवपुराण कथा में हर दिन सैकड़ों भक्त शामिल होकर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। इस धार्मिक आयोजन के चलते विद्धान आचार्यो की वेद ऋचाओं से तुंगनाथ घाटी का माहौल भक्तिमय बना है। महायज्ञ व महा शिवपुराण कथा में प्रति दिन विभिन्न गांवों की कीर्तन मंडलियों से जुड़ी महिलाओं द्वारा धार्मिक भजनों के माध्यम से भगवान तुंगनाथ सहित सम्पूर्ण देवी-देवताओं की महिमा का गुणगान किया जा रहा है। महा शिवपुराण कथा के सातवें दिन प्रख्यात कथावाचक लम्बोदर प्रसाद मैठाणी ने शिव महापुराण कथा की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि 84 लाख योनियों में मनुष्य योनि को सर्वश्रेष्ठ माना गया है। इस योनि में कर्मो के अनुसार फल की प्राप्ति होती है इसलिए, मनुष्य योनि में आने के लिए देवता भी तरसते है। उन्होंने कहा कि जो मनुष्य काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार का त्याग कर क्षण मात्र के लिए परम पिता परमेश्वर का स्मरण करता है वह मनुष्य सासंरिक सुखों को भोग कर अन्त में मोक्ष को प्राप्त होते है।