Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 25 Aug 2022 5:43 pm IST


गंगोत्री हाईवे पर आवाजाही ठप , भारी मलबा आने से मार्ग पड़ा बाधित


उत्तरकाशी : गंगोत्री हाईवे पर दिनभर हेलगूगाड के पास भारी मात्रा में मलबा दरकने से दिनभर आवाजाही ठप रही। शाम तक भी राजमार्ग यातायात के लिए बहाल नहीं हो सका है। इसके चलते हाईवे के दोनों ओर यात्री घंटों जाम में फंसे रहे। हालांकि प्रशासन की ओर से सभी यात्रियों को भटवाड़ी और गंगनानी में ठहराया गया। उधर, यमुनोत्री हाईवे पर दोपहर बाद सरूखेत के पास मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया है।गंगोत्री हाईवे पर भटवाड़ी से आगे हेलगूगाड के समीप लगातार भूस्खलन जोन सक्रिय बना है। बीते बुधवार को जहां हाईवे पर भूस्खलन के कारण दिनभर आवाजाही ठप रही, वहीं गुरुवार को भी पूरे दिनभर मार्ग नहीं खुल सका। गंगोत्री हाईवे पर सुबह 10 बजे भूस्खलन होने से आवाजाही बंद हो गई थी। जिस कारण मार्ग के दोनों ओर सैकड़ों की संख्या में यात्री और स्थानीय लोग फंसे रहे। देर शाम तक भी मार्ग हेलगूगाड के पास बहाल नहीं हो सका है। बीआरओ की जेसीबी मशीन लगातार हाईवे से मलबा हटाने में जुटा है, लेकिन भारी मात्रा में चट्टान दरकने के कारण हाईवे खोलने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। बीआरओ के अधिकारियों ने देर शाम तक हाईवे को खोलने का दावा किया है। उधर, यमुनोत्री हाईवे पर सरूखेत के पास दोपहर 3 बजे के बाद मलबा आने से आवाजाही ठप हो गई है। एनएच बड़कोट की जेसीबी मौके पर हाईवे को खोलने में जुटी है।